~Gujarat Chief Minister Bhupendra Patel inaugurates P.B. Patan Janata Cancer Hospital, bringing advanced cancer treatment, linear accelerator radiotherapy and PET scan facilities to North Gujarat.
Patan, Gujarat, Nov 01 (VNI) : गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को पाटण में पी.बी. पाटण जनता कैंसर हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल के निर्माण में योगदान देने वाले दानदाताओं और ट्रस्टियों की सेवाभावना की सराहना करते हुए कहा कि इस अत्याधुनिक अस्पताल के शुरू होने से पाटण और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अब कैंसर के बेहतर उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पाटण उत्तर गुजरात का एक प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, लेकिन यहां अब तक कैंसर के विशिष्ट उपचार की सुविधाओं का अभाव था। नए कैंसर अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को इलाज के लिए अहमदाबाद जाने की आवश्यकता कम होगी। उन्होंने बदलती जीवनशैली के कारण बढ़ रहे मानसिक तनाव, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और व्यसन जैसी समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए संतुलित जीवनशैली, नियमित योग, उचित खानपान और तंबाकू से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त भारत’ और होलिस्टिक हेल्थ केयर के विचार को अपनाने पर जोर दिया।
श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, सामान्य और वंचित वर्गों को केंद्र में रखकर विभिन्न योजनाएं लागू की गई हैं, जिससे स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को मजबूती मिली है। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत वर्षा जल संरक्षण करने तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब देश के नागरिक स्वस्थ होंगे, क्योंकि बेहतर स्वास्थ्य ही हर क्षेत्र में प्रगति की नींव है।
जीवन ज्योत चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी डॉ. प्रमोदभाई पटेल ने बताया कि जनता हॉस्पिटल ने अब तक 15 लाख से अधिक ओपीडी मरीजों और 1.50 लाख से अधिक आईपीडी मरीजों को उपचार प्रदान किया है। अस्पताल में एक लाख से अधिक सफल ऑपरेशन, 1.50 लाख से अधिक सीटी स्कैन, 50 हजार से अधिक एमआरआई, 15 हजार से अधिक एंजियोग्राफी और 2 हजार से अधिक एंजियोप्लास्टी की जा चुकी हैं। अस्पताल में डायलिसिस, आईसीयू, कैथ लैब और न्यूरो सर्जरी जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि दानदाताओं के सहयोग से शुरू किए गए पी.बी. पाटण जनता कैंसर हॉस्पिटल में लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से रेडियोथेरेपी के लिए अत्याधुनिक लीनियर एक्सीलरेटर मशीन स्थापित की गई है। यहां पीईटी स्कैन की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जो उत्तर गुजरात में मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण चिकित्सा सुविधा है। आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए यह जांच निःशुल्क होगी। आगामी समय में अस्पताल परिसर में बोन मैरो ट्रांसप्लांट, किडनी ट्रांसप्लांट, रोबोटिक सर्जरी और कार्डियक सर्जरी जैसी सुपर स्पेशलिटी सेवाएं शुरू करने की भी योजना है।
उद्घाटन समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री सहित गणमान्य व्यक्तियों ने अस्पताल निर्माण में योगदान देने वाले दानदाताओं का सम्मान किया। कार्यक्रम में सांसद भरतसिंह डाभी, सांसद बाबूभाई देसाई, विधायक बलवंतसिंह राजपूत, लविंगजी ठाकोर और किरीट पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष भाविक पटेल, जिला कलेक्टर डॉ. प्रशांत जिलोवा, जिला पुलिस अधीक्षक वी.के. नायी, विश्व गुजराती समाज के भावेश लाखाणी, एपीएमसी चेयरमैन स्नेहल पटेल, संस्था के अध्यक्ष मनसुख पटेल, मुख्य दानदाता विनोदभाई झवेरी, अस्पताल के दानदाता, न्यासीगण और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। VNI NEWS, P.B. Patan Janata Cancer Hospital, Bhupendra Patel, Patan Cancer Hospital, Gujarat Cancer Treatment, Linear Accelerator, PET Scan Facility, North Gujarat Healthcare, Bhupendra Patel, P.B. Patan Janata Cancer Hospital, Patan, Gujarat, Cancer Treatment, North Gujarat, Linear Accelerator, PET Scan, Janata Hospital, Healthcare Infrastructure, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *