~मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा में पारंपरिक पहिंद विधि संपन्न कर रथ को प्रस्थान कराया और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।

Ahmedabad, Gujarat, July 16 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को आषाढ़ी दूज के पावन अवसर पर अहमदाबाद स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित 149वीं ऐतिहासिक रथयात्रा के शुभारंभ से पूर्व परंपरागत पहिंद विधि संपन्न की। मुख्यमंत्री ने भगवान जगन्नाथ के रथ की सोने की झाड़ू से सफाई कर रथयात्रा को विधिवत प्रस्थान कराया।
मुख्यमंत्री ने भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा की पूजा-अर्चना कर रथयात्रा के सफल आयोजन तथा राज्य की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी के साथ मुख्य रथ को मंदिर परिसर से नगर यात्रा के लिए बाहर लाने में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों तथा आषाढ़ी दूज के अवसर पर देश-विदेश में बसे कच्छी समाज को कच्छी नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं।
श्री पटेल ने कहा कि भगवान जगन्नाथ स्वयं अपने भक्तों के बीच पहुंचकर श्रमिकों, गरीबों और सभी नागरिकों को आशीर्वाद प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में गुजरात अग्रणी भूमिका निभाएगा। साथ ही उन्होंने भगवान से राज्य के सभी नागरिकों के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अहमदाबाद की भगवान जगन्नाथ रथयात्रा सांप्रदायिक सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने रथयात्रा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस, प्रशासन, विभिन्न सरकारी विभागों, सेवाभावी संस्थाओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जगन्नाथ मंदिर के महंत दिलीपदासजी महाराज, महापौर हितेशभाई बारोट, विधायक अमित शाह, अमित ठाकर, दिनेश कुशवाह, कौशिक जैन, हसमुख पटेल, अमूल भट्ट, कंचनबेन रादड़िया, पुलिस महानिदेशक जी.एस. मलिक, मनपा आयुक्त बंछानिधि पाणी, शहर पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने लगातार पांचवें वर्ष भगवान जगन्नाथ के रथ की सोने की झाड़ू से सफाई कर पहिंद विधि संपन्न की। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Jagannath Rath Yatra Ahmedabad, Pahind Vidhi, Jagannath Temple, Gujarat CM, Jagannath Rath Yatra, Ahmedabad, Gujarat, Ashadhi Beej, Harsh Sanghavi, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *