​~NHSRCL successfully energizes the 2×25 kV OHE system in the 50-km Surat-Bilimora Bullet Train section, paving the way for upcoming high-speed rail testing.

Surat, Gujarat, Nov 21 (VNI): देश की पहली मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए सूरत–बिलिमोरा सेक्शन के ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) सिस्टम को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत (एनर्जाइज) कर दिया गया है।

​नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) द्वारा शनिवार को यहां जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि सूरत–बिलिमोरा सेक्शन में 20 नवंबर 2026 को यह प्रक्रिया पूरी की गई। इस सेक्शन के एलिवेटेड अलाइनमेंट पर अप और डाउन, दोनों लाइनें शामिल हैं। यह कदम परियोजना में आगामी टेस्टिंग गतिविधियों की दिशा में एक निर्णायक प्रगति माना जा रहा है।

​विज्ञप्ति के अनुसार, सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी टीमों की कड़ी निगरानी में छोटे-छोटे सेक्शनों में चरणबद्ध तरीके से एनर्जाइजेशन किया जाएगा।

​मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में अत्याधुनिक 2 × 25 kV ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम स्थापित किया गया है, जो दुनिया भर की हाई-स्पीड रेल प्रणालियों में उपयोग होने वाली सबसे उन्नत विद्युतीकरण तकनीकों में से एक है। इस 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में कुल 14 स्थानों पर ट्रैक्शन सब-स्टेशन (TSS) बनाए गए हैं, जो नेशनल ग्रिड से बिजली लेकर हाई-स्पीड ट्रेनों के संचालन के लिए आपूर्ति करेंगे।

​गुजरात के नवसारी जिले में स्थित बिलिमोरा के पहले ट्रैक्शन सब-स्टेशन में कंट्रोल पैनल, चेंजओवर स्विच, ट्रांसफॉर्मर और सर्किट ब्रेकर बिल्डिंग के इंस्टॉलेशन का काम पूरा हो चुका है। गुजरात में स्थित सब-स्टेशनों को गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (GETCO) के 220 kV अंबेठा ग्रिड सब-स्टेशन से बिजली की आपूर्ति की जाएगी। पूरे विद्युत नेटवर्क की निगरानी एक केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर के माध्यम से होगी।

​सूरत–बिलिमोरा के बीच लगभग 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड अलाइनमेंट तैयार किया गया है, जिसमें चार नदियों पर बने पुल और नेशनल हाईवे-53 (NH-53) पर एक स्टील ब्रिज शामिल है। आसपास के क्षेत्रों में शोर के प्रभाव को कम करने के लिए इस वायाडक्ट पर लगभग 94,000 नॉइज़ बैरियर्स भी लगाए गए हैं।

ओवरहेड विद्युत प्रणाली के ऊर्जीकृत होने के साथ ही एनएचएसआरसीएल ने जन सुरक्षा संबंधी सख्त सलाह जारी की है। विभाग ने अलाइनमेंट के आसपास रहने वाले नागरिकों, यात्रियों, निर्माण श्रमिकों और आम जनता से अपील की है कि वे ओवरहेड विद्युत उपकरणों के पास न जाएं, उन्हें छूने का प्रयास न करें और इसके आसपास किसी भी प्रकार का अनधिकृत कार्य न करें। VNI NEWS, Surat-Bilimora Bullet Train OHE System, Energized, Surat-Bilimora Bullet Train OHE, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *