~अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा श्रद्धा, उत्साह और अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पहिंद विधि कर रथयात्रा का शुभारंभ किया।
Ahmedabad, Gujarat, July 16 (VNI): गुजरात की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान मानी जाने वाली भगवान जगन्नाथ की 149वीं वार्षिक रथयात्रा गुरुवार को अहमदाबाद में श्रद्धा, उत्साह और अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सुबह जगन्नाथ मंदिर में परंपरागत पहिंद विधि कर रथयात्रा का शुभारंभ किया।
जगन्नाथ मंदिर के ट्रस्टी महेन्द्रभाई झा ने बताया कि लगभग 16.2 किलोमीटर की यात्रा तय करने के बाद भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलराम के रथ रात्रि लगभग साढ़े नौ बजे जमालपुर स्थित निज मंदिर लौटे, जहां महाआरती एवं परंपरागत धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दिनभर मुख्यमंत्री आवास से वीडियो वॉल के माध्यम से रथयात्रा की निगरानी की तथा पुलिस द्वारा एआई, ड्रोन और अन्य आधुनिक तकनीकों के जरिए की जा रही सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। मुख्य सचिव एम.के. दास, गृह विभाग के प्रधान सचिव संजीव कुमार, पुलिस महानिदेशक जी.एस. मलिक सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे।
रथयात्रा के दौरान पूरे मार्ग को 26 रेंज, 53 क्षेत्रों और 1,397 सुरक्षा बिंदुओं में विभाजित किया गया। सुरक्षा के लिए 30,000 से अधिक पुलिसकर्मी, 15 एसआरपीएफ तथा 9 केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की कंपनियां तैनात रहीं। 100 से अधिक ड्रोन, एआई फेस रिकॉग्निशन कैमरे, एंटी-ड्रोन सिस्टम, बॉडी-वॉर्न कैमरे, हाईटेक वायरलेस नेटवर्क, एआई वॉयस बॉट, 3डी मैपिंग, जीपीएस आधारित निगरानी तथा क्राउड एवं फायर अलर्ट जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग किया गया।
रथयात्रा में 18 सुसज्जित गजराज, भगवान के तीन मुख्य रथ, 103 ट्रक, 30 अखाड़े, अनेक भजन मंडलियां, सैकड़ों झांकियां तथा देशभर से आए लगभग 2,500 साधु-संत शामिल हुए। यात्रा सरसपुर पहुंची, जहां भगवान के मामा-मौसी के घर की परंपरा निभाई गई और हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। पूरे मार्ग पर “जय जगन्नाथ”, “नंद घर आनंद भयो” और “जय रणछोड़ माखनचोर” के जयघोष गूंजते रहे।
राज्य के गांधीनगर, राजकोट, सूरत, वडोदरा, भावनगर, जामनगर, जूनागढ़, अमरेली, दाहोद सहित अनेक शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी भगवान जगन्नाथ की रथयात्राएं श्रद्धा और सौहार्द के वातावरण में निकाली गईं। प्रशासन ने चिकित्सा सेवाओं, एम्बुलेंस, ट्रैफिक प्रबंधन, जन सहायता केंद्रों और सार्वजनिक सूचना प्रणाली की व्यापक व्यवस्था की थी। पूरे दिन कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और रथयात्रा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
राज्य के गांधीनगर जिले के अडालज स्थित जगन्नाथ मंदिर के व्यवस्थापक रबिरंजन पांडा ने बताया कि इस मंदिर से राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आषाढ़ी दूज एवं रथयात्रा के पावन पर्व पर भगवान जग्नाथ की रथयात्रा को सोने की झाडू लगाने की पहिंद विधि कर मंदिर से आज सुबह रथ को प्रस्थान कराया। निज मंदिर से शनि मंदिर, उवारसद चार रास्ता, अडालज चार रास्ता होते हुए अन्नपूर्णा मंदिर गई और वहां से श्री जगन्नाथ रथयात्रा अपराह्न निज मंदिर वापस आ गई। VNI NEWS, Ahmedabad Jagannath Rath Yatra 2026, Jagannath Rath Yatra Ahmedabad, Bhupendra Patel, Pahind Vidhi, Gujarat News, Ahmedabad, Jagannath Rath Yatra, Gujarat, Rath Yatra 2026, Lord Jagannath, AI Security, VNI News, VNINews.com
