~गुजरात सरकार ने ‘दूध संजीवनी योजना’ का विस्तार राज्य के सभी आदिजाति ICDS ब्लॉकों तक कर दिया है। 53 नए ब्लॉकों में योजना लागू होगी और चयनित जिलों में हाई-फैट फोर्टिफाइड दूध का पायलट भी शुरू किया जाएगा।
Gandhinagar, Gujarat, July 17 (VNI): गुजरात सरकार ने आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में कुपोषण से लड़ाई को और मजबूत बनाने के लिए ‘दूध संजीवनी योजना’ का विस्तार राज्य के सभी आदिजाति ICDS ब्लॉकों तक कर दिया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने शेष 53 ICDS ब्लॉकों में योजना लागू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही पहली बार चयनित जिलों में हाई-फैट फोर्टिफाइड दूध का पायलट प्रोजेक्ट भी शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। योजना के तहत लाभार्थियों को पहले की तरह फोर्टिफाइड दूध उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि चयनित जिलों में अधिक वसा युक्त दूध भी दिया जाएगा, जिससे बच्चों के शारीरिक विकास और ऊर्जा की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सके।
24 दिसंबर 2009 को तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छह आदिजाति जिलों में शुरू की गई यह योजना अब पूरे आदिजाति ICDS नेटवर्क तक पहुंच चुकी है। वर्ष 2016 से अमूल, बनास, सुमुल, माही सहित सहकारी डेयरियों के सहयोग से योजना का संचालन किया जा रहा है, जिससे इसकी गुणवत्ता और प्रभावशीलता में वृद्धि हुई है।
राज्य सरकार ने योजना के विस्तार के लिए लगभग 37.709 करोड़ रुपये तथा हाई-फैट पायलट प्रोजेक्ट के लिए 0.3035 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए GeM पोर्टल के माध्यम से खरीद, DBT प्रणाली, ऑनलाइन प्रक्रिया, सोशल ऑडिट और थर्ड पार्टी वेरिफिकेशन जैसी व्यवस्थाएं भी लागू की जाएंगी। VNI NEWS, Gujarat Dudh Sanjeevani Yojana, ICDS Blocks Gujarat, Tribal Nutrition, Fortified Milk, Bhupendra Patel, Gujarat Government, Dudh Sanjeevani Yojana, ICDS, Tribal Welfare, Women and Child Development, Nutrition, Fortified Milk, VNINews, VNINews, VNINews.com
