~गिफ्ट सिटी, गांधीनगर में HCLTech के ग्लोबल टेक्नोलॉजी सेंटर का उद्घाटन हर्ष संघवी ने किया। सेंटर स्थानीय युवाओं को रोजगार देगा और अत्याधुनिक AI लैब से तकनीकी नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।
Gandhinagar, Gujarat, July 17 (VNI): गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने शुक्रवार को गांधीनगर स्थित गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) में HCLTech के नए ग्लोबल टेक्नोलॉजी सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने इसे गिफ्ट सिटी और गुजरात के आईटी इकोसिस्टम के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह केंद्र राज्य के युवाओं के लिए रोजगार और तकनीकी नवाचार के नए अवसर पैदा करेगा।
श्री संघवी ने कहा कि जहां अधिकांश बड़ी आईटी कंपनियां अन्य राज्यों से प्रतिभाओं की भर्ती करती हैं, वहीं HCLTech स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देकर रोजगार उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कंपनी की ‘कम बैक होम’ पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद और विदेशों में कार्यरत गुजराती युवाओं को अपने गृह राज्य में ही वैश्विक स्तर का करियर बनाने का अवसर मिलेगा। सेंटर की शुरुआत 100 सदस्यीय टीम के साथ हुई है, जिसमें अधिकांश स्थानीय युवा शामिल हैं।
उन्होंने सेंटर में स्थापित अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लैब को भविष्य की तकनीकों के लिए गेम-चेंजर बताते हुए कहा कि गिफ्ट सिटी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने HCLTech से भविष्य में अपने परिचालन का और विस्तार कर गुजरात में बड़ी इकाई स्थापित करने का भी आग्रह किया। इस अवसर पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी विजय कुमार, राहुल सिंह, संजय कौल तथा आईटी क्षेत्र के कई विशेषज्ञ और युवा प्रोफेशनल उपस्थित रहे। VNI NEWS, HCLTech Gift City, Harsh Sanghavi, Global Technology Center, Gujarat IT, AI Lab, HCLTech, Gift City, Gujarat Government, Information Technology, AI, Employment, Gandhinagar, VNINews, VNINews.com
