~मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर में युवा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का सार्वजनिक प्रसारण देखा। कार्यक्रम में पर्यावरण, कारगिल विजय दिवस और युवाओं की उपलब्धियों पर प्रधानमंत्री के संदेश प्रमुख रहे।
Gandhinagar, Gujarat, July 26 (VNI): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का रविवार को गांधीनगर के सेक्टर-1 स्थित महाकालेश्वर मंदिर परिसर में सार्वजनिक प्रसारण किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ बैठकर कार्यक्रम सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर गांधीनगर शहर भाजपा अध्यक्ष डॉ. आशीष दवे, महापौर मीराबेन पटेल, नागरिक बैंक के चेयरमैन एवं पार्षद महेन्द्र दास सहित शहर संगठन के अनेक पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने महाकालेश्वर मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में देशवासियों को विभिन्न सामाजिक, पर्यावरणीय और राष्ट्रीय विषयों पर प्रेरक संदेश दिए। उन्होंने अहमदाबाद के भाडज क्षेत्र में जनभागीदारी से एक घंटे में लाखों पौधे लगाने के विश्व रिकॉर्ड की सराहना करते हुए प्रत्येक नागरिक से आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, शुद्ध और हरित भविष्य के निर्माण हेतु कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने 26 जुलाई कारगिल विजय दिवस पर भारतीय सेना और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस एवं बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता का उल्लेख करते हुए देश की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही खेल, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारतीय युवाओं की उपलब्धियों की भी सराहना की। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Mann Ki Baat 136, Narendra Modi, Gandhinagar, Mahakaleshwar Temple, Kargil Vijay Diwas, Mann Ki Baat, Gandhinagar, Gujarat BJP, Plantation, Gujarat News, VNINews, VNINews.com
