~केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के नए ₹25 करोड़ के सहकार भवन का वर्चुअल लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
Jamnagar, Gujarat, July 28 (VNI): केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को ₹25 करोड़ की लागत से निर्मित दी जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के नए मुख्यालय ‘सहकार भवन’ का मंगलवार को वर्चुअल लोकार्पण किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ विजन से प्रेरित इस आधुनिक भवन को ग्रामीण सहकारिता और बैंकिंग सेवाओं को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र में किए गए सुधारों ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक का नया ‘सहकार भवन’ केवल एक भवन नहीं, बल्कि किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण समुदाय के आर्थिक विकास का केंद्र बनेगा। उन्होंने बैंक के चेयरमैन जीतूभाई लाल और निदेशक मंडल को बधाई देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर बैंकिंग सुविधाएं सहकारी बैंकों को अधिक सक्षम बनाएंगी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1959 में मात्र ₹2.5 लाख की जमा राशि से शुरू हुआ यह बैंक आज ₹2,154 करोड़ से अधिक का वार्षिक कारोबार कर रहा है। वर्तमान में बैंक की 40 शाखाएं हैं और भविष्य में जिले के प्रत्येक गांव तक सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य है। शाह ने कहा कि बैंक आरबीआई और नाबार्ड के मानकों के अनुरूप तकनीक आधारित सेवाएं प्रदान कर रहा है, जो सहकारी बैंकिंग के लिए एक अनुकरणीय मॉडल है।
गांधीनगर से वर्चुअल रूप से जुड़े मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य और भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि अलग सहकारिता मंत्रालय बनने के बाद सहकारी क्षेत्र अधिक पारदर्शी और मजबूत हुआ है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक ने अपने कुल ऋण का लगभग 97 प्रतिशत कृषि एवं उससे जुड़े क्षेत्रों को दिया है तथा बैंक का नेट एनपीए शून्य प्रतिशत होना उसके उत्कृष्ट वित्तीय प्रबंधन का प्रमाण है।
वन एवं पर्यावरण मंत्री अर्जुनभाई मोढवाडिया ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को ₹11,500 करोड़ से अधिक की सहायता प्रदान की है तथा समर्थन मूल्य पर खरीद के माध्यम से किसानों को आर्थिक मजबूती दी जा रही है।
करीब 25,000 वर्ग फुट क्षेत्र में निर्मित नए ‘सहकार भवन’ में आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के साथ मीटिंग एवं प्रशिक्षण कक्ष, कॉन्फ्रेंस रूम, किसानों के लिए डॉरमेट्री, विश्राम कक्ष, रसोई, डाइनिंग हॉल तथा किसान छात्रालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री जीतूभाई वाघाणी, सांसद पूनमबेन माडम, शिक्षा राज्य मंत्री रीवाबा जाडेजा, जनप्रतिनिधियों, बैंक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में किसान और नागरिक उपस्थित रहे। VNI NEWS, Amit Shah, Jamnagar District Cooperative Bank, Sahkar Bhavan, Cooperative Sector Gujarat, Bhupendra Patel, Jamnagar News, Jamnagar, Gujarat, Sahkar Bhavan, Rural Banking, Farmers, VNINews, VNINews.com
