~61 वर्ष पूरे करने वाला गांधीनगर आज देश के सबसे सुनियोजित और हरित शहरों में शामिल है तथा आधुनिक अवसंरचना और सतत विकास के साथ गुजरात की विकास यात्रा का नेतृत्व कर रहा है।

Gandhinagar, Gujarat, Aug. 01 (VNI): गुजरात की राजधानी गांधीनगर अपनी स्थापना के 61 वर्ष पूरे होने के साथ ही राज्य के विकास का प्रमुख केंद्र बनकर लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही है। 2 अगस्त 1965 को रखी गई इसकी नींव ने आज इसे देश के सबसे सुनियोजित, हरित और आधुनिक शहरों में शामिल कर दिया है।
साबरमती नदी के किनारे बसाया गया गांधीनगर केवल प्रशासनिक राजधानी नहीं, बल्कि गुजरात की दूरदर्शी सोच और सुव्यवस्थित नगर नियोजन का प्रतीक है। सेक्टर आधारित योजना, हरित वातावरण, चौड़ी सड़कें, अलग पैदल मार्ग, डिजिटल अवसंरचना, मेट्रो कनेक्टिविटी, महात्मा मंदिर और GIFT सिटी जैसे आधुनिक विकास कार्यों ने इसे राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। इस विकास यात्रा की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से हुई, जिसे वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल आगे बढ़ा रहे हैं।
गुजरात राज्य के गठन के बाद नई राजधानी बसाने का निर्णय भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर लिया गया था। भारतीय वास्तुकार एच.के. मेवाड़ा और प्रकाश एम. आप्टे ने महात्मा गांधी के विचारों तथा भारतीय नगर नियोजन को आधार बनाकर इस शहर की रूपरेखा तैयार की। शुरुआत में 30 सेक्टर विकसित किए गए, जिन्हें भविष्य में विस्तारित कर लगभग 7.5 लाख लोगों की आबादी को समाहित करने की योजना बनाई गई।
गांधीनगर की विशेषता इसकी वैज्ञानिक और पर्यावरण-अनुकूल योजना है। एक किलोमीटर ग्रिड प्रणाली, सेक्टर आधारित विकास, गोलचक्कर, हरित क्षेत्र और आधुनिक वास्तुकला इसे भारत के सबसे सुव्यवस्थित शहरों में स्थान दिलाते हैं। गुजरात विधानसभा का कमल प्रेरित स्थापत्य, महात्मा मंदिर और सुव्यवस्थित सरकारी आवास इसकी पहचान को और मजबूत बनाते हैं।
बीते छह दशकों में रेतीले क्षेत्र से विकसित होकर आधुनिक राजधानी बने गांधीनगर ने प्रशासन, उद्योग, निवेश और शहरी विकास के नए मानक स्थापित किए हैं। 61 वर्ष की यात्रा पूरी करने के बाद भी यह शहर निरंतर विस्तार और नवाचार के साथ गुजरात के विकास की दिशा तय कर रहा है। VNI NEWS, Gandhinagar, Gujarat Capital, Gandhinagar 61 Years, Green City, Planned City Gujarat, Gujarat, Urban Development, GIFT City, Mahatma Mandir, Smart City, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *