~वडनगर श्रावणोत्सव-2026 के तहत 2 से 5 अगस्त तक रील प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतिभागी MyGov गुजरात पोर्टल पर 1 से 3 मिनट की ओरिजिनल रील भेजकर ₹31,000 तक का पुरस्कार जीत सकते हैं।

Mehsana, Gujarat, Aug. 02 (VNI): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली वडनगर में आयोजित होने वाले श्रावणोत्सव -2026 को डिजिटल माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से गुजरात सरकार ने ‘श्रावणोत्सव 2026 रील प्रतियोगिता’ की शुरुआत की है। यह प्रतियोगिता 2 अगस्त से 5 अगस्त, 2026 तक MyGov गुजरात पोर्टल पर आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागियों को ‘अनंत, अनादि वडनगर’ विषय पर 1 से 3 मिनट की मौलिक (ओरिजिनल) रील तैयार कर ऑनलाइन जमा करनी होगी। रील MP4, AVI या MOV प्रारूप में तथा न्यूनतम 720p रिज़ॉल्यूशन में होनी चाहिए। प्रतिभागी गुजराती, हिंदी या अंग्रेज़ी भाषा में रील प्रस्तुत कर सकते हैं। अन्य क्षेत्रीय भाषा का उपयोग होने पर उपशीर्षक देना अनिवार्य होगा।
आयोजकों के अनुसार, रील पूरी तरह प्रतिभागी द्वारा स्वयं शूट की गई होनी चाहिए। स्टॉक फुटेज, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से तैयार सामग्री या कॉपीराइट युक्त कंटेंट स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए केवल MyGov गुजरात पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण और प्रविष्टि जमा की जा सकेगी तथा प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक प्रविष्टि ही भेज सकेगा।
प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार ₹31,000, द्वितीय पुरस्कार ₹21,000 और तृतीय पुरस्कार ₹11,000 निर्धारित किया गया है। गुजरात सरकार का उद्देश्य युवाओं और नागरिकों को रचनात्मक डिजिटल स्टोरीटेलिंग के माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए श्रावणोत्सव-2026 को जनभागीदारी और डिजिटल प्रचार का व्यापक मंच बनाना है। VNI NEWS, Vadnagar Shravanotsav 2026, Reel Competition, MyGov Gujarat, Gujarat Tourism, Cultural Heritage, Vadnagar, Shravanotsav 2026, Gujarat Government, Tourism, Culture, Mehsana, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *