~सामाख्याली–भचाऊ नई तीसरी एवं चौथी रेल लाइन का सीआरएस संरक्षा निरीक्षण शुरू। 16.40 किमी रेलखंड का निरीक्षण पूरा, 6 अगस्त को 120 किमी/घंटा स्पीड ट्रायल होगा।
Ahmedabad, Gujarat, Aug 05 (VNI): पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में सामाख्याली–भचाऊ चौहरीकरण परियोजना के तहत नव-निर्मित तीसरी एवं चौथी रेल लाइन का रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) द्वारा संरक्षा निरीक्षण शुरू कर दिया गया है। यात्री रेल सेवाएं शुरू होने से पहले पश्चिम सर्कल के रेल संरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास ने निरीक्षण के प्रथम चरण की शुरुआत सामाख्याली रेलवे स्टेशन से की। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) प्रदीप गुप्ता तथा निर्माण एवं ओपन लाइन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के पहले दिन सीआरएस ने प्रस्तावित डाउन मेन-2 लाइन पर सामाख्याली से भचाऊ के बीच लगभग 16.40 किलोमीटर लंबे रेलखंड का मोटर ट्रॉली के माध्यम से विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक की गुणवत्ता, ट्रैक ज्योमेट्री, रेल वेल्डिंग, लेवल क्रॉसिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, ओवरहेड विद्युत उपकरण (ओएचई), रेल संरक्षा मानकों तथा परिचालन व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया।
संरक्षा निरीक्षण के दौरान सामाख्याली रेलवे स्टेशन के यार्ड, सिग्नलिंग प्रणाली, इंटरलॉकिंग, पॉइंट मशीनों और विभिन्न संरक्षा उपकरणों का भी गहन परीक्षण किया गया। इसके अलावा कर्व संख्या 63B1, समपार फाटक संख्या 202C, 203C, 205 एवं 206 तथा ब्रिज संख्या 254, 261 और 261A का निरीक्षण किया गया। वोंध रेलवे स्टेशन की परिचालन क्षमता, यार्ड विन्यास, सिग्नलिंग व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने समपार फाटक पर स्थानीय नागरिकों से बातचीत की। लोगों ने फाटक लंबे समय तक बंद रहने और वैकल्पिक मार्ग से आवागमन की कठिनाइयों की जानकारी दी, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को जनहित में शीघ्र एवं व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अगले चरण में 6 अगस्त को विद्युत इंजन के साथ नई लाइन पर 120 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से स्पीड ट्रायल किया जाएगा। VNI NEWS, Samakhiyali Bhachau Rail Line, CRS Safety Inspection, Western Railway, Ahmedabad Division, Rail Speed Trial
Tags: Samakhiyali, Bhachau, CRS Inspection, Railway Infrastructure, Gujarat, VNINews, VNINews.com
