~Gujarat Governor Acharya Devvrat extends Diwali 2026 wishes, urging citizens to promote Swadeshi, environmental protection and a self-reliant India.
Gandhinagar, Gujarat, Nov 08 (VNI) : गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने प्रकाश पर्व दीपावली के पावन अवसर पर गुजरात सहित पूरे देश के नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि दीपावली का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।
राज्यपाल ने अपने दीपावली संदेश में कहा कि दीपावली केवल दीप प्रज्वलित करने और उत्सव मनाने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह जीवन में ज्ञान, विवेक, सद्भाव और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का स्वर्णिम अवसर भी है। भारतीय ऋषियों के संदेश ‘तमसो मा ज्योतिर्गमय’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हमें अंधकार से प्रकाश, अज्ञान से ज्ञान और निराशा से आशा की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
आचार्य देवव्रत ने नागरिकों से अपील की कि वे इस दीपावली पर अपने घरों के साथ-साथ विचारों और व्यवहार में भी सद्गुणों का दीप प्रज्वलित करें। समाज में प्रेम, परस्पर सहयोग और समरसता को बढ़ावा देते हुए जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला लाने का प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व देश की सामर्थ्य पर विश्वास रखने और स्वदेशी को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा देता है। स्थानीय कारीगरों, लघु उद्योगों, किसानों, प्राकृतिक कृषि उत्पादों और भारतीय वस्तुओं को प्रोत्साहित करके आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत बनाना चाहिए।
राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति प्रकृति को पूजनीय मानती है। इसलिए दीपावली को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए मनाना चाहिए। स्वच्छता, जल संरक्षण, वृक्षारोपण और प्राकृतिक खेती जैसे प्रयासों के माध्यम से धरती माता के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
अंत में उन्होंने कामना की कि दीपावली का यह पावन पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में स्वास्थ्य और समृद्धि लाए, गांव समृद्ध बनें तथा गुजरात और देश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करें। उन्होंने नागरिकों से ज्ञान, संस्कार, सेवा और राष्ट्रप्रेम के प्रकाश से एक शक्तिशाली, समरस और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया। VNI NEWS, Acharya Devvrat Diwali Wishes, Gujarat Governor Diwali Message, Diwali 2026, Swadeshi, Atmanirbhar Bharat, Acharya Devvrat, Gujarat Governor, Diwali 2026, Diwali Wishes, Swadeshi, Atmanirbhar Bharat, Environmental Protection, Gujarat News, VNI News, VNINews, VNINews.com
