~Amit Shah planted 76 saplings with 76 Divyang children at Vadnagar Railway Station on Prime Minister Narendra Modi’s 76th birthday, highlighting environmental conservation and social inclusion.
Mehsana, Gujarat, Sep 17 (VNI): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को उनकी जन्मभूमि वडनगर के रेलवे स्टेशन परिसर में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समावेशन का प्रेरणादायी संदेश दिया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 76 दिव्यांग बच्चों के साथ 76 पौधों का वृक्षारोपण किया।
श्री शाह ने वडनगर रेलवे स्टेशन परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में भी सहभागिता की और स्वच्छ एवं सुंदर रेलवे परिसर के महत्व का संदेश दिया। इस दौरान महेसाणा सांसद हरिभाई पटेल, मंडल रेल प्रबंधक अहमदाबाद वेद प्रकाश सहित बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता अभियान में भाग लिया।
मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के 76वें जन्मदिवस पर 76 दिव्यांग बच्चों द्वारा लगाए गए 76 पौधे पर्यावरण संरक्षण, हरित भविष्य और समाज में समान भागीदारी के संकल्प का प्रतीक हैं। दिव्यांग बच्चों की सक्रिय सहभागिता ने इस पहल को विशेष रूप से सार्थक बनाया और यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की समान एवं महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ (SHS) 2026 अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर 2026 से देशभर में किया गया है और यह अभियान 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर संपन्न होगा। अहमदाबाद मंडल में अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, आवासीय क्षेत्रों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ‘स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता’ के तहत स्वच्छता शपथ, ठोस कचरा प्रबंधन, कचरे के उचित पृथक्करण, नुक्कड़ नाटक, कला प्रतियोगिता तथा वस्तुओं के पुनः उपयोग जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में 19 और 20 सितंबर को स्टेशनों के आसपास, यार्ड, रेलवे कॉलोनियों और ट्रैक किनारे चिन्हित कचरा संवेदनशील स्थानों की विशेष सफाई की जाएगी। सफाई के बाद इन स्थानों का सौंदर्यीकरण कर ‘स्वच्छता सेल्फी प्वाइंट’ विकसित किए जाएंगे तथा स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष 17 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वडनगर रेलवे स्टेशन पर 75 पौधों का पौधारोपण किया गया था। VNI NEWS, Amit Shah, Vadnagar Railway Station, Divyang Children, Tree Plantation, Narendra Modi Birthday, Swachhata Hi Seva 2026, Ahmedabad Railway Division, Gujarat, Environmental Conservation, Social Inclusion, Amit Shah Vadnagar, 76 saplings Vadnagar Railway Station, Divyang children tree plantation, Swachhata Hi Seva 2026, Vadnagar Railway Station tree plantation, VNINews, VNINews.com
