~भावनगर मंडल के लोको पायलटों ने राजुला सिटी–राजुला जंक्शन रेलखंड पर ट्रैक पार कर रहे एशियाई सिंह को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर सुरक्षित बचाया।

Bhavnagar, Gujarat, Sep 08 (VNI): पश्चिम रेलवे के भावनगर मंडल के लोको पायलटों ने अपनी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक एशियाई सिंह (शेर) को संभावित रेल दुर्घटना का शिकार होने से बचा लिया। राजुला सिटी–राजुला जंक्शन रेलखंड पर सिंह के रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान मालगाड़ी को तत्काल रोक दिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक दिनेश वर्मा के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (ट्रैक्शन) विजेन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में वन्यजीव क्षेत्रों में ट्रेन संचालन के दौरान लोको पायलटों को विशेष सावधानी बरतने के लिए लगातार जागरूक एवं निर्देशित किया जाता है। भावनगर मंडल द्वारा संवेदनशील वन्यजीव क्षेत्रों में निर्धारित गति सीमा और अत्यधिक सतर्कता के साथ ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
इसी सतर्कता का उदाहरण 08 सितंबर को सामने आया। किलोमीटर संख्या 04/16–15 के निकट मालगाड़ी का संचालन कर रहे लोको पायलट रिकेश कुमार भाटिया एवं वरिष्ठ सहायक लोको पायलट कैलाश कुमावत ने ट्रैक पर एशियाई सिंह को देखते ही तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को सुरक्षित रूप से रोक दिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से सिंह संभावित रेल हादसे से बच गया।
घटना के तुरंत बाद लोको पायलट ने ट्रेन मैनेजर (गार्ड) एवं उप स्टेशन अधीक्षक, राजुला सिटी को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग के फॉरेस्ट ट्रैकर भरतभाई मौके पर पहुंचे और सिंह को सुरक्षित रूप से रेलवे ट्रैक से हटाया। स्थिति सामान्य होने के बाद मालगाड़ी को सावधानीपूर्वक गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल कुमार त्रिपाठी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में 159, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 129 तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अब तक 65 एशियाई सिंहों को संभावित रेल दुर्घटनाओं से सुरक्षित बचाया गया है। मंडल रेल प्रबंधक दिनेश वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक ऋत्विक शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने लोको पायलटों की सजगता, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। VNI NEWS, Asiatic Lion, Bhavnagar Railway, Loco Pilots, Rajula City, Rajula Junction, Wildlife Conservation, Western Railway, Bhavnagar Division, Rajula, Gujarat Railways, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *