~प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रह्माकुमारीज़ के ’10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा राष्ट्रीय महाअभियान’ का वर्चुअल शुभारंभ किया। गुजरात के तलोद से राज्य स्तरीय अभियान की शुरुआत हुई।

Ahmedabad, Gujarat, Aug 02 (VNI): प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा राष्ट्रीय महाअभियान” का शुभारंभ रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया। गुजरात स्तरीय अभियान का शुभारंभ तलोद तहसील स्थित इंद्रप्रस्थ गुजरात ग्लोबल रिट्रीट सेंटर से हुआ। यह अभियान 6 से 20 अगस्त 2026 तक देशभर में चलाया जाएगा।
अहमदाबाद मणिनगर सबजोन की मुख्य संचालिका बी.के. डॉ. नेहा बहन ने बताया कि यह अभियान ब्रह्माकुमारीज़ की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति को समर्पित है। अभियान का उद्देश्य 10 करोड़ से अधिक नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशामुक्ति का संकल्प दिलाकर जनजागृति फैलाना, राजयोग ध्यान के माध्यम से सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना है।
कार्यक्रम में भारत सरकार के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की अतिरिक्त सहायक निदेशक बहन चंदाजी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। तलोद के विधायक गजेंद्र परमार, गुजरात सरकार के स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी अजय चौहान, मेडिकल प्रभाग गुजरात के समन्वयक डॉ. मुकेश पटेल, इंद्रप्रस्थ गुजरात ग्लोबल सेंटर के निदेशक विनय शुक्ल तथा ब्रह्माकुमारीज़ के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सरकारी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, चिकित्सकों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में युवाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
राज्यपाल देवव्रत आचार्य और मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल ने अभियान की सफलता के लिए शुभकामना संदेश भेजे। कार्यक्रम के दौरान बी.के. नंदा बहन ने उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्त जीवन के लिए पाँच सूत्रीय प्रतिज्ञा दिलाई। गुजरात के सभी जिलों और गांवों में 6 से 15 अगस्त के बीच जनजागृति कार्यक्रम, रैलियां, राजयोग ध्यान सत्र, प्रेरक व्याख्यान और नशामुक्ति प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ब्रह्माकुमारीज़ के मीडिया प्रभाग की प्रवक्ता डॉ. नंदिनी बहन ने बताया कि अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, ग्राम पंचायतों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने देशवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागी बनकर नशामुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया। VNI NEWS, Brahma Kumaris, Drug Free India Campaign, PM Narendra Modi, Nasha Mukti Bharat Abhiyan, Gujarat, Talod, Narendra Modi, Nasha Mukti Bharat, Drug Free Campaign, Rajyoga Meditation, Social Awareness

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *