~India Post launches the Mobile Theatre Van Campaign for Dak Choupal in Ahmedabad to promote postal services, financial inclusion and citizen-centric welfare schemes across Gujarat.
Ahmedabad, Gujarat, Oct 14 (VNI): भारतीय डाक विभाग द्वारा डाक सेवाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, वित्तीय समावेशन को प्रोत्साहित करने तथा विभाग की विभिन्न नागरिक-केंद्रित सेवाओं को आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से ‘डाक चौपाल के लिए मोबाइल थिएटर वैन अभियान’ का शुभारंभ बुधवार को अहमदाबाद के नवरंगपुरा हेड पोस्ट ऑफिस में किया गया। अहमदाबाद पश्चिम लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिनेशभाई मकवाणा ने गुजरात परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावलेश्वरकर एवं उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव के साथ डाक चौपाल का शुभारंभ किया और मोबाइल थिएटर वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के लाभार्थियों को पासबुक एवं पॉलिसी बॉन्ड भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में निदेशक डाक सेवाएं अनुब्रता दास और अहमदाबाद सिटी मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर शिशिर कुमार भी मंचासीन रहे।
सांसद दिनेशभाई मकवाणा ने कहा कि डाक चौपाल के लिए मोबाइल थिएटर वैन अभियान डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को गाँव-गाँव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में प्रभावी सिद्ध होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास’ की सोच के साथ देश प्रगति और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। समय के साथ डाक सेवाओं में व्यापक बदलाव आए हैं और आज डाक विभाग पत्रों एवं पार्सलों के साथ-साथ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके लाभों को भी लोगों तक पहुँचा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘सरकारी सेवाएँ आपके द्वार’ की भावना के अनुरूप यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में जन-जागरूकता बढ़ाने और नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
गुजरात परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावळेश्वरकर ने कहा कि डाक सेवाओं के विस्तार, आधुनिकीकरण और नागरिक-केंद्रित पहलों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार नए कदम उठाए जा रहे हैं। ‘डाक सेवा जन सेवा’ के माध्यम से विभाग पारंपरिक डाक सेवाओं के साथ-साथ वित्तीय सशक्तिकरण और नागरिक-केंद्रित सुविधाएँ उपलब्ध कराते हुए एक समर्पित सेवा केंद्र की भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत मोबाइल थिएटर वैन पूरे गुजरात परिमंडल के प्रत्येक जिले में निर्धारित स्थानों पर पहुँचेगी और प्रत्येक पड़ाव पर डाक चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं, योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि गुजरात डाक चौपालों के व्यापक आयोजन में देशभर में अग्रणी रहा है।
उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि बदलते परिवेश में वित्तीय समावेशन, डिजिटल इंडिया और अंत्योदय के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में डाक विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। गाँवों से शहरों तक और दूर-दराज के क्षेत्रों से लेकर देश के अंतिम छोर तक भारतीय डाक ने लोगों के जीवन में विश्वास, संपर्क और सेवा का मजबूत रिश्ता कायम किया है। डाक चौपाल का मूल उद्देश्य डाक विभाग को जनता के और करीब लाना तथा लोगों को विभाग की सेवाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग देश की सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग है। ‘डाकिया डाक लाया’ से ‘डाकिया बैंक लाया’ तक का सफर विभाग की बदलती भूमिका, तकनीकी प्रगति और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में गांधीनगर मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक शुभम डोंगरदीवे, सहायक निदेशक रितुल गाँधी, वारिस वहोरा, सिराज मन्सूरी, एजीएम आईपीपीबी संदीप कुमार, चीफ मैनेजर अभिजीत जीभकाटे, सहायक अधीक्षक अरविन्द रमन, रमेश पटेल, रोनक शाह, निरीक्षक पायल पटेल, नवरंगपुरा के सीनियर पोस्टमास्टर एम. एल. मकवाना, नगर पार्षद आशाबेन ब्रह्मभट्ट, एकताबेन रावल, हेमंत काबरा और रितेश दुधिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। VNI NEWS, डाक चौपाल, भारतीय डाक विभाग, मोबाइल थिएटर वैन, अहमदाबाद, गुजरात डाक परिमंडल, दिनेशभाई मकवाणा, गणेश वी सावलेश्वरकर, कृष्ण कुमार यादव, वित्तीय समावेशन, डाक सेवाएं, Dak Choupal Mobile Theatre Van Campaign, India Post Ahmedabad, Gujarat Postal Circle, Dak Choupal Gujarat, financial inclusion postal services, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *