~Gujarat Deputy CM Harsh Sanghavi distributes 221 JCB machines to empower Bharwad youth through self-employment, education and digital development.
Gandhinagar, Gujarat, Oct 14 (VNI): गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बुधवार को भरवाड़ और मालधारी (पशुपालक) समाज की प्रगति, आत्मनिर्भरता और सामाजिक बदलाव की सराहना करते हुए कहा कि भरवाड़ समाज की लाठी हमेशा से समाज की लाज रखती आई है और अब समाज के हाथ में आया लैपटॉप देश के विकास में सहयोगी बनेगा।

गांधीनगर स्थित टाउन हॉल में भरवाड़ युवा संगठन की युवा सशक्तिकरण पहल के अंतर्गत ‘युवा रोजगार योजना’ के तहत 221 नई जेसीबी मशीनों के वितरण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि ‘लाठी से लैपटॉप तक’ की यह यात्रा संघर्षपूर्ण रही है, लेकिन अब शिक्षा, तकनीक और स्वरोजगार के माध्यम से समाज नई ऊंचाइयों को छू सकता है।
श्री संघवी ने कहा कि 221 जेसीबी मशीनों के वितरण से समाज के युवा लाभार्थियों और उनके परिवारों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे तथा उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। सामान्य और ग्रामीण परिवारों के लिए बैंक से ऋण प्राप्त करना कठिन होता है, लेकिन समाज के सामूहिक प्रयासों से यह पहल सफल हुई है। इससे पहले भी हजारों युवाओं को स्वरोजगार के लिए इको और बोलेरो गाड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उन योजनाओं का उल्लेख किया, जिनके माध्यम से जरूरतमंद लोगों को बिना गारंटी सहायता देकर उन्हें ब्याज के दुष्चक्र से बचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भरवाड़ समाज ने सामाजिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उप मुख्यमंत्री ने समाज की बेटियों को अधिक से अधिक शिक्षा दिलाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि डिजिटल युग में लैपटॉप जैसी सुविधाएं ग्रामीण मालधारी परिवारों के बच्चों के लिए नए अवसर खोलेंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से बेटियां उच्च शिक्षा प्राप्त करने के साथ खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़कर देश का नाम रोशन करेंगी। समाज में सामूहिक विवाह की परंपरा की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे समय और धन की बचत के साथ सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम में भरवाड़ समाज ने ‘लाठी से लैपटॉप तक’ की सोच को आगे बढ़ाते हुए श्री संघवी को लैपटॉप से तौला। ये लैपटॉप आने वाले समय में कक्षा 10वीं और 12वीं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क भेंट किए जाएंगे। पूर्व विधायक भवनभाई भरवाड़ ने स्वागत भाषण में बताया कि समाज में शिक्षा के प्रसार के लिए अमरेली, आणंद, धरमपुर, नैना गाम और रणुजा सहित विभिन्न स्थानों पर छात्रावास बनाए गए हैं तथा समाज के लगभग 90 प्रतिशत लोग शिक्षित हो चुके हैं।
गौ-रक्षा के मुद्दे पर श्री संघवी ने कहा कि गुजरात में तत्कालीन मुख्यमंत्री और मौजूदा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में गौहत्या विरोधी कानून लाया गया था। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक वर्ष में गौहत्या के 15 मामलों में आरोपियों को सात वर्ष से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा दिलाने में सफलता मिली है। उन्होंने द्वारकाधीश मंदिर के आसपास अवैध कब्जे हटाकर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थान उपलब्ध कराने की कार्रवाई का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आए भरवाड़ समाज के युवाओं ने श्री संघवी को समाज की पहचान मानी जाने वाली लाठी, पगड़ी और कोटी भेंट कर सम्मानित किया। प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराने वाले फैकल्टी सदस्यों और अधिकारियों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में संगठन प्रमुख दिलीपभाई भरवाड़ ने अतिथियों और आयोजन में योगदान देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में लाखाभाई भरवाड़, राजाभाई भरवाड़, भावनगर के भरतभाई बुधेलिया, समाज के युवा प्रतिनिधि, सामाजिक अग्रणी और अमीन जेसीबी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य 221 युवा लाभार्थियों को स्वरोजगार उपलब्ध कराकर उनकी आजीविका मजबूत करना और उनके लिए टिकाऊ आर्थिक अवसरों का निर्माण करना है। VNI NEWS, VNINews, Harsh Sanghavi, Bharwad Samaj, 221 JCB Machines, Bharwad Youth Organisation, Youth Employment Scheme, Gujarat News, Gandhinagar News, Self Employment, Digital Education, Harsh Sanghavi Bharwad Samaj, 221 JCB Distribution Gujarat, Bharwad Youth Employment Scheme, Lathi Se Laptop Tak, Gandhinagar News, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *