~डेरोल रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ डॉग स्क्वॉड के श्वान ‘जीको’ की सतर्कता से एक यात्री के सामान से 5 किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर बरामद, कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी जमानत पर रिहा।
Vadodara, Gujarat, Aug 05 (VNI): पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसरों में प्रतिबंधित एवं ज्वलनशील वस्तुओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डेरोल रेलवे स्टेशन पर डॉग स्क्वॉड के श्वान ‘जीको’ की सतर्कता से एक यात्री के सामान से 5 किलोग्राम क्षमता का एलपीजी सिलेंडर बरामद किया गया।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 4 अगस्त को डॉग हैंडलर सहायक उप निरीक्षक नवीन सिंह अपने स्टाफ एवं श्वान ‘जीको’ के साथ स्टेशन पर ज्वलनशील पदार्थों की विशेष जांच कर रहे थे। प्लेटफॉर्म पर जांच के दौरान ‘जीको’ ने एक यात्री के सामान की ओर संकेत किया। सामान की तलाशी लेने पर उसमें 5 किलोग्राम क्षमता का एलपीजी सिलेंडर मिला।
बरामदगी के बाद मामले को आगे की कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट गोधरा को सौंपा गया। पूछताछ में यात्री ने अपना नाम हरि मदनलाल धाकड़ (63 वर्ष), निवासी शिवपुरी (मध्य प्रदेश) बताया। वह अपने पुत्र राजा धाकड़ के साथ सामान्य टिकट पर डेरोल से उज्जैन जाने के लिए प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहा था। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथ एलपीजी सिलेंडर ले जाने की बात स्वीकार की। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने पर आरोपी को नियमानुसार जमानत पर रिहा कर दिया गया।
वडोदरा मंडल के सुरक्षा विभाग ने कहा कि रेलवे परिसर और ट्रेनों में एलपीजी सिलेंडर सहित किसी भी प्रकार की ज्वलनशील एवं प्रतिबंधित सामग्री का परिवहन न केवल रेलवे नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से ऐसी सामग्री साथ लेकर यात्रा न करने की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। VNI NEWS, RPF Dog Squad, Jiko Dog, Derol Railway Station, LPG Cylinder Seized, Vadodara Division, Western Railway, RPF, Dog Squad, LPG Cylinder, Railway Security, Gujarat, VNINews, VNINews.com
