~Gujarat safari parks welcomed over 80,000 tourists during Diwali 2026, generating over Rs 1.59 crore revenue and boosting local tourism.
Junagadh, Gujarat, Nov 23 (VNI) : एशियाई शेरों के दीदार के लिए गुजरात के विभिन्न सफारी पार्कों में दिवाली की छुट्टियों के दौरान 80 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे। पर्यटकों की इस भारी भीड़ से गुजरात वन विभाग को 1.59 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि हुई।
वन विभाग ने सोमवार को बताया कि गुजरात की आन, बान और शान एशियाई शेरों के प्राकृतिक आवास सौराष्ट्र के विभिन्न सफारी पार्कों में वर्ष 2026 की दिवाली की छुट्टियों के दौरान देश-विदेश के पर्यटकों की अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिली। 9 से 15 नवंबर, 2026 तक विभिन्न सफारी पार्कों में लगभग 80 हजार से अधिक पर्यटकों ने शेरों के दर्शन किए।
दिवाली की छुट्टियों के दौरान गिर और देवलिया सफारी पार्कों में सर्वाधिक 60,661 पर्यटक पहुंचे। इन पर्यटकों ने जिप्सी और बस सफारी के माध्यम से एशियाई शेरों के दर्शन किए, जिससे लगभग 1.21 करोड़ रुपये की आय हुई। पिछले वर्ष 2025 में इन दोनों स्थलों से लगभग 1.15 करोड़ रुपये की आय हुई थी। इस प्रकार पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
इसके अलावा जूनागढ़ के गिरनार नेचर सफारी, अमरेली के आंबरडी सफारी पार्क और पोरबंदर के बरडा सफारी में भी पर्यटकों की संख्या और वन विभाग की आय में वृद्धि हुई। इन तीनों सफारी स्थलों पर 9 से 15 नवंबर, 2026 के दौरान कुल 20,282 पर्यटक पहुंचे, जबकि वर्ष 2025 की दिवाली की छुट्टियों में यह संख्या 18,114 थी। इस तरह पर्यटकों की संख्या में लगभग 11.97 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इन स्थलों से वन विभाग की आय भी पिछले वर्ष के 34 लाख रुपये से बढ़कर इस वर्ष 38 लाख रुपये हो गई, जो लगभग 11.10 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन तथा वन मंत्री अर्जुन मोढवाडिया और राज्य मंत्री प्रवीण माली के नेतृत्व में गुजरात में वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। सासण गिर, गिरनार नेचर सफारी और देवलिया सफारी पार्क के साथ अब अमरेली के आंबरडी और पोरबंदर के बरडा सफारी जैसे वैकल्पिक पर्यटन स्थलों की ओर भी पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है। विशेष रूप से गिरनार नेचर सफारी में पर्यटकों की संख्या में 68.13 प्रतिशत की वृद्धि वन विभाग के सुव्यवस्थित प्रबंधन और इको-टूरिज्म की सफलता को दर्शाती है।
सफारी पार्कों में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से जिप्सी चालकों, नेचर गाइडों, होटल-रिसॉर्ट संचालकों, होम-स्टे व्यवसायियों, स्थानीय हस्तकला कारीगरों तथा खानपान और परिवहन व्यवसाय से जुड़े हजारों परिवारों की आजीविका को लाभ मिला है। इन पर्यटन स्थलों के माध्यम से पर्यटक प्रकृति और वन्यजीवों के करीब आ रहे हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है। वन विभाग द्वारा प्राप्त आय का उपयोग वन्यजीवों के संरक्षण और पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विकास में किया जा रहा है। VNI NEWS, Gujarat Safari Parks, Asiatic Lions, Diwali Tourism 2026, Gir Safari, Devalia Safari Park, Wildlife Tourism, Gujarat Tourism, Asiatic Lions, Gir Safari, Devalia Safari Park, Girnar Nature Safari, Ambardi Safari Park, Barda Safari, Wildlife Tourism, Eco Tourism, Diwali 2026, VNINews, VNINews.com
