~जैनाचार्य रश्मिरत्नसूरीश्वर महाराज 36 साधु-साध्वियों की धवलसेना के साथ पहली बार कच्छ में चातुर्मास हेतु भुज में भव्य प्रवेश करेंगे। देशभर से श्रद्धालु समारोह में शामिल होंगे।
Bhuj, Kutchh, Gujarat, July 14 (VNI): श्री भुज तपागच्छ जैन संघ (वाणियावाड) के तत्वावधान में आयोजित “आध्यात्मिक गुणवर्धक चातुर्मास” के लिए जैनाचार्य रश्मिरत्नसूरीश्वर महाराज साहब बुधवार को कच्छ में पहली बार चातुर्मास हेतु 36 साधु-साध्वियों की धवलसेना के साथ भव्य प्रवेश करेंगे।
आचार्यश्री अपने 63 वर्ष के जीवन तथा 49 वर्ष के संयम जीवन में पहली बार कच्छ में चातुर्मास करने पधार रहे हैं। उनके स्वागत में सुबह 8 बजे दादावाड़ी से भव्य सामैया निकलेगा, जो राजन शोरूम, छठी बारी होते हुए वाणियावाड के डेले पहुंचेगा। यहां आचार्यश्री 425 वर्ष प्राचीन जिनालय में मूलनायक भगवान श्री आदिनाथ के दर्शन कर 16 साधुओं के साथ नूतन उपाश्रय में प्रवेश करेंगे। वहीं प्रवर्तिनी साध्वी पुण्यरेखा जी 20 साध्वियों के साथ श्राविका उपाश्रय में प्रवेश करेंगी।
प्रवेश समारोह को विशेष आकर्षक बनाने के लिए सामैया में साजन-माजन सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्तियों के अलावा मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, चेन्नई सहित देश के विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गुरुभक्त शामिल होंगे।
इस ऐतिहासिक प्रवेश समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में ट्रस्टी मंडल तथा श्री संघ का युवक मंडल दिन-रात उत्साह और समर्पण के साथ जुटा हुआ है। आयोजन समिति का लक्ष्य इस चातुर्मास प्रवेश को कच्छ के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल करना है। VNI NEWS, Jain News, Bhuj, Kutch, Chaturmas 2026, Rashmiratna Surishwar, Jain Acharya, Gujarat News, Jainacharya, Bhuj Chaturmas, Jain News Gujarat, Kutch Jain Sangh, VNINews, VNINews.com
