~Krishna Kumar Yadav assumes charge as Gujarat’s first Postmaster General (Logistics), overseeing mail, parcel, international mail and postal transport services.
Ahmedabad, Gujarat, Nov 03 (VNI) : भारतीय डाक सेवा के वर्ष 2001 बैच के वरिष्ठ अधिकारी कृष्ण कुमार यादव ने 1 नवंबर, 2026 से गुजरात परिमंडल के नवसृजित पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) का पदभार ग्रहण कर लिया है। वह इस पद पर नियुक्त होने वाले गुजरात के पहले अधिकारी हैं। उनकी नई जिम्मेदारी मेल, पार्सल और इंटरनेशनल मेल सेवाओं के संचालन एवं प्रबंधन से जुड़ी होगी।
श्री यादव के अधीन गुजरात में स्थित सभी रेलवे मेल सर्विस कार्यालय, फॉरेन पोस्ट ऑफिस तथा मेल मोटर सर्विस और परिवहन सेवाएं संचालित होंगी। नवसृजित पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) कार्यालय अहमदाबाद के शाहिबाग स्थित स्पीड पोस्ट भवन में कार्य करेगा। इसके साथ ही श्री यादव पोस्टमास्टर जनरल, उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के अतिरिक्त पोस्टमास्टर (लॉजिस्टिक्स) का दायित्व भी संभालेंगे। पदभार ग्रहण करने पर प्रवर रेलवे डाक अधीक्षक पियूष रजक, सहायक निदेशक (लॉजिस्टिक्स) महेश हरन और सहायक निदेशक (मेल्स, पार्सल एवं इंटरनेशनल मेल्स) डी.एच. तपस्वी सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद श्री यादव ने लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के अधिकारियों के साथ बैठक कर नई जिम्मेदारियों, परिचालन व्यवस्था और भावी कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने मेल एवं पार्सल के समयबद्ध प्रसंस्करण, लॉजिस्टिक्स सेवाओं के सुचारु संचालन तथा परिवहन व्यवस्था में बेहतर समन्वय को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को बदलती व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और ग्राहकों को बेहतर एवं विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि श्री कृष्ण कुमार यादव ने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत 22 जुलाई, 2003 को गुजरात में प्रवर अधीक्षक डाकघर, सूरत मंडल के रूप में की थी। अपने सेवाकाल में उन्होंने सूरत, लखनऊ, कानपुर, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, प्रयागराज, जोधपुर और वाराणसी सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। पोस्टमास्टर जनरल, उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के रूप में कार्यरत श्री यादव को हाल ही में ‘ब्यूरोक्रेट्स ऑफ इंडिया’ द्वारा ‘टॉप 25 चेंज मेकर्स ऑफ 2025’ में भी चयनित किया गया है। उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव से गुजरात में डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर सहायक डाक अधीक्षक कश्यप रॉय, रिजवान शेख, आर.टी. परमार, जगदीश जीड, पराग वासनिक, एस.एन. घोरी, डाक निरीक्षक दक्षेश चौहान, वी.के. प्रजापति, आसीत कुमार, मयंक मीना, योगेन्द्र राठोड, हेड रिकॉर्ड ऑफिसर एच.जे. मन्सूरी, पोस्ट मास्टर, फॉरेन पोस्ट ऑफिस हेतलबेन भट्ट सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। VNI NEWS, Krishna Kumar Yadav, Gujarat First Postmaster General Logistics, Postmaster General Gujarat, India Post Gujarat, Gujarat Postal Logistics, Railway Mail Service, Mail and Parcel Services, Krishna Kumar Yadav, Postmaster General Logistics, Gujarat Postal Circle, India Post, Gujarat Postal Services, Postal Logistics, Railway Mail Service, Ahmedabad, Mail and Parcel Services, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *