~Western Railway Bhavnagar Division loco pilots safely rescued three Asiatic lions after stopping a goods train on the Pipavav rail section.

Bhavnagar, Gujarat, Oct 07 (VNI): पश्चिम रेलवे के भावनगर मंडल के लोको पायलटों ने पीपावाव साइडिंग–पीपावाव पोर्ट रेलखंड पर रेलवे ट्रैक पार कर रहे तीन एशियाई शेरों को समय रहते देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी और उन्हें संभावित रेल दुर्घटना से सुरक्षित बचाया। वन विभाग के साथ समन्वय से शेरों को सुरक्षित रूप से ट्रैक से हटाए जाने के बाद मालगाड़ी को सावधानीपूर्वक गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
मंडल रेल प्रवक्ता ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति भावनगर मंडल की प्रतिबद्धता और सतर्कता का यह सराहनीय उदाहरण 05 अक्टूबर 2026 को सामने आया। मालगाड़ी का संचालन कर रहे लोको पायलट विवेक वर्मा एवं सहायक लोको पायलट राहुल कुमावत ने किलोमीटर संख्या 24/04 पर तीन एशियाई शेरों को रेलवे ट्रैक पार करते हुए देखा। उन्होंने तत्काल स्थिति का आकलन कर इमरजेंसी ब्रेक लगाया और ट्रेन को सुरक्षित रूप से रोक दिया। उनकी त्वरित कार्रवाई और सजगता से शेर संभावित रेल दुर्घटना का शिकार होने से बच गए।
घटना के तुरंत बाद लोको पायलटों ने ट्रेन मैनेजर (गार्ड) एवं स्टेशन मैनेजर, पीपावाव पोर्ट को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के फॉरेस्ट ट्रैकर जय सिंह मौके पर पहुंचे और शेरों को सुरक्षित रूप से रेलवे ट्रैक से हटाया। स्थिति सामान्य होने के बाद मालगाड़ी को सावधानीपूर्वक आगे रवाना किया गया।
भावनगर मंडल में रेलवे एवं वन विभाग के बीच प्रभावी समन्वय तथा लोको पायलटों की सजगता के परिणामस्वरूप अब तक अनेक एशियाई शेरों को संभावित रेल दुर्घटनाओं से बचाया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल कुमार त्रिपाठी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में 159, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 129 तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल माह से अब तक 80 एशियाई शेरों को संभावित रेल दुर्घटनाओं से सुरक्षित बचाया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक दिनेश वर्मा एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक ऋत्विक शर्मा सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने लोको पायलटों की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
भावनगर मंडल, पश्चिम रेलवे, वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को लगातार मजबूत कर रहा है। रेलवे एवं वन विभाग के समन्वित प्रयासों से एशियाई सिंहों सहित अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। संवेदनशील वन्यजीव क्षेत्रों में ट्रेनों का संचालन अत्यधिक सतर्कता और निर्धारित गति सीमा के साथ किया जा रहा है।
श्री वर्मा के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (ट्रैक्शन) विजेन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में लोको पायलटों को वन्यजीव क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने के लिए लगातार जागरूक एवं निर्देशित किया जाता है। VNI NEWS, Bhavnagar Division, Western Railway, Asiatic Lions, Pipavav Port, Wildlife Conservation, Loco Pilots, Railway Safety, Gujarat, Lion Rescue, Asiatic lions rescue, Bhavnagar railway, Western Railway, Pipavav Port, lion safety, wildlife conservation, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *