~गुजरात में नेशनल चिल्ड्रन्स साइंस कांग्रेस (NCSC) 2026 के लिए पंजीकरण शुरू। 10-17 वर्ष के विद्यार्थी 15 अगस्त 2026 तक निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं।

Gandhinagar, Gujarat, Aug 05 (VNI): गुजरात के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान क्षमता और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुजरात काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (गुजकोस्ट) ने नेशनल चिल्ड्रन्स साइंस कांग्रेस (एनसीएससी)-2026 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के माध्यम से 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों को स्थानीय समस्याओं का वैज्ञानिक अध्ययन कर उनके व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के एनसीएसटीसी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में गुजरात में गुजकोस्ट राज्य समन्वयक की भूमिका निभा रहा है। वर्ष 2014 से आयोजित इस पहल के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों ने अनुसंधान आधारित परियोजनाओं के जरिए अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। इस वर्ष की मुख्य थीम “Science and Innovation for Sustainability” रखी गई है, जिसके अंतर्गत कचरा प्रबंधन, ऊर्जा, जल संरक्षण, खाद्य-कृषि-स्वास्थ्य तथा भारतीय ज्ञान परंपरा सहित पांच उप-विषयों पर प्रोजेक्ट तैयार किए जाएंगे।
कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थियों के साथ-साथ विद्यालय से बाहर के 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के छात्र भी एक मार्गदर्शक शिक्षक के निर्देशन में दो सदस्यीय टीम बनाकर भाग ले सकते हैं। जिला स्तर पर चयनित परियोजनाएं राज्य स्तर पर पहुंचेंगी, जहां से 26 सर्वश्रेष्ठ प्रोजेक्ट राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चुने जाएंगे। विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क है तथा ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त, 2026 निर्धारित की गई है।
गुजकोस्ट ने बताया कि चयनित नवाचारपूर्ण परियोजनाओं को इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी फैसिलिटेशन सेंटर (आईपीएफसी) के माध्यम से पेटेंट, डिजाइन और कॉपीराइट जैसी बौद्धिक संपदा सुरक्षा प्राप्त करने में भी सहायता दी जाएगी। राज्य के सभी विद्यालयों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की गई है। VNI NEWS, National Children’s Science Congress 2026, NCSC 2026 Gujarat, GUJCOST, Science Innovation for Sustainability, Student Science Projects, NCSC 2026, Gujarat, Science Congress, Student Innovation, Research, Education, Science Projects, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *