~पावागढ़-चाँपानेर में 359 करोड़ रुपये के मेगा मास्टर प्लान से विकास कार्य तेज, चार वर्षों में 3.84 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने महाकाली मंदिर के दर्शन किए।

Gandhinagar, Gujarat, July 20 (VNI): गुजरात सरकार द्वारा पावागढ़-चाँपानेर के संरक्षण और विकास के लिए किए जा रहे व्यापक कार्यों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। ‘पावागढ़ पुनरुद्धार’ के चार वर्ष पूरे होने पर यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या दोगुनी होकर 3.84 करोड़ से अधिक पहुंच गई है। महाकाली मंदिर और यूनेस्को विश्व धरोहर चाँपानेर पुरातात्विक उद्यान आज देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के प्रमुख धार्मिक एवं विरासत पर्यटन केंद्र के रूप में उभरे हैं।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ मंत्र के अनुरूप राज्य सरकार पावागढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए 359 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले मेगा मास्टर प्लान पर कार्य कर रही है। पहले और दूसरे चरण के कार्य पूरे हो चुके हैं, जिनमें मंदिर परिसर का विस्तार, 3.01 किलोमीटर लंबे पाथ-वे का निर्माण, 2,374 नई सीढ़ियां, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। मंदिर परिसर का क्षेत्रफल 545 वर्गमीटर से बढ़ाकर लगभग 2,980 वर्गमीटर कर दिया गया है।
मेगा मास्टर प्लान के तीसरे और चौथे चरण में 238 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी-लेवल पार्किंग, सड़कें, पाथ-वे, इलेक्ट्रिफिकेशन, उद्यान, थीम पार्क, वाटर जेटी, फुटओवर ब्रिज, बर्ड वॉच टावर, क्राफ्ट स्टॉल तथा सैकड़ों वाहनों की पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
18 जून 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पावागढ़ मंदिर के शिखर पर 500 वर्षों बाद ध्वजारोहण और कलश स्थापना के बाद यहां श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2022-23 से 2025-26 (18 जून 2026 तक) के चार वर्षों में 3.84 करोड़ से अधिक श्रद्धालु महाकाली मंदिर पहुंचे, जबकि इससे पहले 2016-17 से 2021-22 तक पांच वर्षों में यह संख्या 2.32 करोड़ थी। वर्ष 2016-17 से 2025-26 तक कुल 6.17 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पावागढ़ की यात्रा कर चुके हैं। VNI NEWS, Pavagadh, Mahakali Temple, Champaner, Gujarat Tourism, Pavagadh Development, UNESCO Heritage, Gujarat Government, Bhupendra Patel, Narendra Modi, Religious Tourism, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *