~प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण किया। DFC, रेलवे आधुनिकीकरण और औद्योगिक विकास पर जोर।
Vadodara, Gujarat, Sep 08 (VNI): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण और राष्ट्र को समर्पण किया।
महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी के मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि ये परियोजनाएं विकसित भारत की यात्रा को और गति देंगी। उन्होंने वडोदरा के नागरिकों द्वारा विकास कार्यों के स्वागत में चलाए गए विशेष स्वच्छता अभियान की भी सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) के 2,800 किलोमीटर नेटवर्क का पूरा होना 21वीं सदी के भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। पूर्वी और पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के माध्यम से यात्री और माल यातायात को अलग करने से माल परिवहन की गति और क्षमता में बड़ा सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि इससे ट्रकों की यात्रा का समय कम हुआ है, ईंधन की बचत हो रही है, लॉजिस्टिक्स लागत घट रही है और किसानों को फल, सब्जियां तथा अन्य जल्दी खराब होने वाले कृषि उत्पाद बड़े बाजारों तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिल रही है।
श्री मोदी ने कहा कि वडोदरा सहित गुजरात देश के नए औद्योगिक और विनिर्माण विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। उन्होंने शहर की औद्योगिक विरासत तथा एमएसएमई क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब आधुनिक रेल कोच, वैगन, लोकोमोटिव और अन्य औद्योगिक उत्पादों का बड़ा निर्माता बन रहा है। उन्होंने सी-295 सैन्य परिवहन विमान के स्थानीय उत्पादन का भी उल्लेख किया और कहा कि भारत अब ‘चिप से लेकर शिप’ तक मैन्युफैक्चरिंग की नई गाथा लिख रहा है।
प्रधानमंत्री ने सौर ऊर्जा, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, फ्लोटिंग सोलर परियोजनाओं और घरेलू सोलर पीवी मॉड्यूल निर्माण को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि देश में ऊर्जा क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ यूरेनियम, क्रिटिकल मिनरल्स और रेयर अर्थ एलिमेंट्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी काम हो रहा है, ताकि डेटा सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों के लिए मजबूत बिजली ढांचा तैयार किया जा सके। उन्होंने युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल और एआई क्षमता से लैस करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा गुजरात को 35 हजार करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात प्रदेश की तेज प्रगति को नई गति देगी। उन्होंने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों के तेज और सुगम परिवहन के लिए महत्वाकांक्षी परियोजना बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कभी असंभव लगने वाली परियोजनाएं भी तेजी से साकार हो रही हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे के स्टेशन, ट्रैक, बिजली, सिग्नलिंग और ऑपरेटिंग सिस्टम सहित पूरे नेटवर्क का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वडोदरा-रतलाम मार्ग के फोर-लाइनिंग सहित सात बड़े रेल कॉरिडोर के विस्तार से आने वाली पीढ़ियों को आधुनिक रेलवे का लाभ मिलेगा।
श्री वैष्णव ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ के तहत भारत में बुलेट ट्रेन के निर्माण पर भी काम हो रहा है और अगले वर्ष मई-जून तक भारत में निर्मित बुलेट ट्रेन के परीक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी। कार्यक्रम में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, राज्य मंत्री मनीषाबेन वकील, सांसद डॉ. हेमांग जोशी, महापौर गीताबेन मकवाणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। VNI NEWS, PM Narendra Modi, Vadodara Development Projects, Gujarat Development, 35000 Crore Projects, Dedicated Freight Corridor, Indian Railways, Ashwini Vaishnaw, Bhupendra Patel, Gujarat Infrastructure, Railway Modernization, PM Modi Vadodara, 35000 crore development projects, Gujarat development, VNINews, VNINews.com
