~RRU organised a special lecture on legal startups and innovation, highlighting legal entrepreneurship, India’s startup ecosystem, Startup India and pro bono legal services.
Gandhinagar, Gujarat, Sep 30 (VNI): राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू), लवाड, गांधीनगर के आपराधिक विधि और सैन्य विधि स्कूल द्वारा लीगल स्टार्टअप्स और नवाचार विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लीगलप्रेन्योरशिप, स्टार्टअप इकोसिस्टम, नवाचार और समाज के वंचित वर्गों के लिए प्रोबोनो कानूनी सेवाओं की भूमिका से अवगत कराया गया।
विधिक स्नातकोत्तर अध्ययन केन्द्र के अध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार त्रिपाठी के समन्वय तथा विधि विभाग की सह आचार्य वी. जयश्री के मंच संचालन में आयोजित इस सत्र के मुख्य विशेषज्ञ प्रोबोनो इंडिया तथा स्टार्टअप्स एंड लॉ टीचर्स इंडिया के संस्थापक डॉ. कल्पेश के. गुप्ता थे। कार्यक्रम में संस्थान के एलएलबी चतुर्थ वर्ष और एलएलएम के विद्यार्थी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
डॉ. गुप्ता ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को लीगलप्रेन्योर की आधुनिक अवधारणा से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार नए स्टार्टअप्स व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करने के साथ आर्थिक प्रगति को गति देते हैं और रोजगार के नए अवसर पैदा करते हैं। उन्होंने देश के वर्तमान स्टार्टअप इकोसिस्टम, इसके विभिन्न चरणों तथा केंद्र सरकार के स्टार्टअप इंडिया अभियान पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कानूनी समुदाय द्वारा संचालित विभिन्न सफल पहलों तथा समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए प्रोबोनो यानी निःशुल्क कानूनी सेवाओं जैसी गतिविधियों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून के क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से नए अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक संवाद और परिचर्चा में भाग लिया। नई आकांक्षाओं और विचारों के साथ विशेष व्याख्यान का सफल समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन एलएलएम कार्यक्रम की विद्यार्थी प्रतिनिधि ज्योत्सना सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव विधि विभाग की सह आचार्य वी. जयश्री ने प्रस्तुत किया। VNI NEWS, RRU, Rashtriya Raksha University, Legal Startups, Legal Innovation, Legal Entrepreneurship, Startup India, Pro Bono Legal Services, Dr Kalpesh K Gupta, Gandhinagar, Law Students
Legal Startups and Innovation, RRU Gandhinagar, Legal Entrepreneurship, Startup India, Pro Bono Legal Services
