~Mansukh Mandaviya and Harsh Sanghavi inaugurate the 99th Sunday on Cycle event in Gandhinagar, promoting fitness and a healthy lifestyle.
Gandhinagar, Gujarat, Nov 22 (VNI) : गुजरात की राजधानी गांधीनगर स्थित दांडी कुटीर से केंद्रीय युवा मामले, खेल एवं श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया तथा उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ के 99वें संस्करण का शुभारंभ किया।
संविधान दिवस के उपलक्ष्य में देशभर के 26,000 स्थानों पर ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से साइकिलिंग को बढ़ावा देते हुए संविधान दिवस को समर्पित संदेश दिया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि ‘संडे ऑन साइकिल’ पहल निरंतर आगे बढ़ रही है और देश के युवाओं को फिट रहने के लिए प्रेरित कर रही है।
डॉ. मांडविया ने कहा कि यह अभियान युवाओं को केवल करियर कॉन्शस ही नहीं, बल्कि फिटनेस कॉन्शस और नेशन कॉन्शस बनाने का मंत्र है। उन्होंने नागरिकों से साइकिलिंग को फैशन के साथ-साथ पैशन बनाने की अपील की। साइकिलिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दूध संपूर्ण आहार है, उसी प्रकार साइकिलिंग भी संपूर्ण एक्सरसाइज है। यह फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ प्रदूषण और ट्रैफिक की समस्या के समाधान में भी सहायक है। साथ ही, यह वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदेश है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि आगामी 29 नवंबर को ‘संडे ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा, “बूंद-बूंद से सरोवर भरता है और छोटे-छोटे कंकड़ों से बड़ा बांध बनता है।” यह छोटा-सा प्रयास धीरे-धीरे देश में फिटनेस का मंत्र बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए नागरिकों का स्वस्थ और फिट रहना आवश्यक है। फिट नागरिकों से स्वस्थ समाज और स्वस्थ समाज से समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं और नागरिकों से साइकिलिंग अपनाने तथा फिटनेस को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री संघवी ने ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान की शुरुआत करने और इसके 99वें संस्करण तक निरंतरता बनाए रखने के लिए डॉ. मनसुख मांडविया का युवा वर्ग की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निरंतरता अपने आप में एक महत्वपूर्ण आदत है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ और ‘ड्रग्स फ्री इंडिया’ के संकल्प को साकार करने तथा युवाओं को प्रेरित करने के लिए केंद्रीय मंत्री लंबे समय से इस अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। श्री संघवी ने केंद्रीय खेल मंत्री से अनुरोध किया कि वे अपने विभाग और दैनिक दिनचर्या के माध्यम से खेल एवं फिटनेस के क्षेत्र में इसी तरह लोगों को प्रेरित करते रहें।
कार्यक्रम के दौरान दोनों मंत्रियों ने साइकिल सवारों के साथ उत्साहपूर्वक साइकिलिंग में भाग लिया और गांधीनगरवासियों को फिटनेस के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पंजाब सरकार के श्रम मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद, भारत सरकार के श्रम सचिव चंद्रभूषण कुमार, फिट इंडिया एम्बेसडर राकेश सैनी और भीष्म मढाणी, अंतरराष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी आध्या तिवारी, एशियन गेम्स-2026 के कांस्य पदक विजेता जय मीणा तथा भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी अनिकेत पटेल सहित बड़ी संख्या में गांधीनगरवासी उपस्थित रहे। VNI NEWS,  Sunday on Cycle 99th Edition, Mansukh Mandaviya, Harsh Sanghavi, Sunday on Cycle Gandhinagar, Fit India Campaign, Sunday on Cycle, Mansukh Mandaviya, Harsh Sanghavi, Gandhinagar, Fit India, Cycling, Constitution Day, Fitness Campaign, Gujarat News, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *