~सूरत के नए सिविल अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टर की आत्महत्या के मामले में स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने जांच के आदेश दिए और 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी।
Gandhinagar, Gujarat, Aug 09 (VNI): सूरत के नए सिविल अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टर द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं और 24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी है।
इस दुखद घटना के बाद राज्य सरकार हरकत में आई है। प्रफुल पानशेरिया के निर्देश पर मामले की पारदर्शी और त्वरित जांच के लिए अस्पताल के डीन तथा अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में जांच समिति गठित की गई है। जांच प्रक्रिया पर सीधी निगरानी गांधीनगर मेडिकल एजुकेशन के अपर निदेशक सचदे को सौंपी गई है।
स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान रैगिंग, मानसिक प्रताड़ना या किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी और प्रशासनिक स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह भी गहराई से जांच की जाएगी कि मृतक डॉक्टर के साथ हॉस्टल अथवा अस्पताल परिसर में किसी प्रकार की रैगिंग हुई थी या नहीं, तथा क्या उन्हें किसी व्यक्ति या प्रशासन की ओर से मानसिक अथवा शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही थी। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए रविवार रात ही हॉस्टल में मौजूद साथी विद्यार्थियों और रेजिडेंट डॉक्टरों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
जांच में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए, इसके लिए मंत्री ने समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि वे रविवार रात ही पूरे परिसर की जांच पूरी करें। वहीं, प्रफुल पानशेरिया ने मृतक डॉक्टर के पिता से फोन पर बातचीत कर शोक व्यक्त किया और परिजनों को इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। VNI NEWS, Surat Resident Doctor Suicide, Praful Pansheriya, Surat Civil Hospital, Gujarat Health Department, Resident Doctor Suicide Case, Surat, Resident Doctor, Suicide Case, Medical Education, VNINews, VNINews.com
