~Ahmedabad student Meera P. Thakkar was honoured with ₹25,000 for securing first place in Gujarat in the UPU International Letter Writing Competition 2026.
Ahmedabad, Gujarat, Oct 12 (VNI): राष्ट्रीय डाक सप्ताह के ‘फन विद फिलेटली दिवस’ पर पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने सोमवार को यूपीयू अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता-2026 में गुजरात परिमंडल में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अहमदाबाद की छात्रा मीरा पी. ठक्कर को ₹25,000 का चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर श्री यादव ने कहा कि डाक टिकट किसी भी राष्ट्र की सभ्यता, संस्कृति और विरासत के संवाहक हैं। सोशल मीडिया के इस दौर में युवा पीढ़ी को फिलेटली और पत्र लेखन जैसी अभिरुचियों से जोड़कर अधिक रचनात्मक बनाया जा सकता है।
यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (यूपीयू) की अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता-2026 का आयोजन ‘डिजिटल दुनिया में मानवीय जुड़ाव क्यों मायने रखता है’ विषय पर किया गया था। गुजरात परिमंडल के विभिन्न विद्यालयों के कुल 1,796 विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया। प्रतियोगिता में अहमदाबाद स्थित महाराजा अग्रसेन विद्यालय की कक्षा आठवीं की छात्रा मीरा पी. ठक्कर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वडोदरा स्थित भारतीय विद्या भवन्स वी. एम. पब्लिक स्कूल की छात्रा केशवी डी. जोशी द्वितीय तथा पाटन स्थित सरियद कुमार प्राथमिक विद्यालय के छात्र दीक्षित टी. रबारी तृतीय स्थान पर रहे। सम्मान समारोह के दौरान मीरा के पिता डॉ. पार्थिव कनुभाई ठक्कर और माता डॉ. मित्तल पार्थिव ठक्कर भी उपस्थित रहे।
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डिजिटल युग में भी पत्रों का विशेष महत्व बना हुआ है, क्योंकि वे मानवीय भावनाओं, आत्मीयता और व्यक्तिगत जुड़ाव को प्रभावी ढंग से व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि फिलेटली यानी डाक टिकट संग्रह विद्यार्थियों को देश-दुनिया के इतिहास, कला, संस्कृति और विरासत से जोड़ने का एक रोचक माध्यम है। फिलेटली को ‘किंग ऑफ हॉबीज और हॉबी ऑफ किंग्स’ के रूप में जाना जाता है। इसमें रुचि रखने वाले विद्यार्थी विविध विषयों पर डाक टिकटों का संग्रह कर अपने ज्ञान और रचनात्मकता को बढ़ा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि संचार के बदलते दौर में युवा पीढ़ी सोशल मीडिया की ओर अधिक आकर्षित हो रही है। ऐसे में बच्चों को पत्र लेखन और फिलेटली से जोड़ना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। डाक विभाग इन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए डाक टिकट प्रदर्शनियों के साथ फिलेटली जमा खाता, ‘माई स्टाम्प’, दीनदयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना, ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता और यूपीयू अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता जैसी विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन करता है।
प्रवर डाक अधीक्षक शिशिर कुमार ने बताया कि ‘राष्ट्रीय डाक सप्ताह-2026’ के अंतर्गत ‘फन विद फिलेटली दिवस’ पर अहमदाबाद सिटी डिवीजन की ओर से सिंधु भवन स्थित किताबी आंगन कैफे में “डिजिटल डिटॉक्स – पत्रों के माध्यम से फिर से जुड़ें” कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह पहल लोगों को पत्रों के माध्यम से जोड़ने और भारतीय डाक की समृद्ध विरासत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की गई।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण प्रवर डाक अधीक्षक शिशिर कुमार ने दिया, जबकि आभार ज्ञापन सहायक निदेशक अल्पेश शाह ने किया। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक पीठडिया ने किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक रितुल गांधी, सहायक अधीक्षक बिरंग शाह और रोनक शाह, डाक निरीक्षक भाविन प्रजापति, पायल पटेल, आदित्य देसाई सहित डाक विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। VNI NEWS, Meera P. Thakkar, UPU International Letter Writing Competition 2026, India Post, National Postal Week 2026, Fun with Philately Day, Krishna Kumar Yadav, Ahmedabad, Gujarat Postal Circle, letter writing, philately,  UPU International Letter Writing Competition 2026, Meera P. Thakkar, Ahmedabad student honoured, Fun with Philately Day, National Postal Week 2026, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *