~Vibrant Gujarat Global Summit 2027 roadshows conclude successfully in Australia and New Zealand, attracting over 150 industry representatives for investment and business discussions.
Gandhinagar, Gujarat, Nov 08 (VNI): गुजरात में निवेश आकर्षित करने और वैश्विक औद्योगिक साझेदारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुजरात सरकार ने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट (VGGS) 2027 के रोड-शो सफलतापूर्वक आयोजित किए। इन आठ दिवसीय दौरों के दौरान आयोजित आठ क्षेत्र-विशिष्ट गोलमेज बैठकों में उद्योग, व्यवसाय और सरकार से जुड़े 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सरकारी सूत्रों के अनुसार, गुजरात सरकार का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल्स, पंचायत एवं ग्रामीण आवास तथा विधायी एवं संसदीय कार्य मंत्री ऋषिकेश पटेल के नेतृत्व में 26 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के दौरे पर रहा।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख कंपनियों, निवेशकों और संस्थानों के साथ 11 वन-टू-वन बैठकें, चार मंत्री-स्तरीय बैठकें और आठ क्षेत्र-विशिष्ट गोलमेज बैठकें कीं। इसके अलावा छह प्रमुख स्थलों एवं सुविधाओं का दौरा किया तथा प्रवासी भारतीय समुदाय के साथ तीन संवाद कार्यक्रमों में भाग लिया। इस अंतरराष्ट्रीय संपर्क अभियान का उद्देश्य महत्वपूर्ण खनिज, ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, लॉजिस्टिक्स, शिक्षा, खेल अवसंरचना और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में गुजरात में उपलब्ध निवेश अवसरों को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करना था।
ऑस्ट्रेलिया में प्रतिनिधिमंडल ने मेलबर्न, सिडनी और ब्रिस्बेन का दौरा किया। यहां कैवेंडिश रिन्यूएबल टेक्नोलॉजी, कॉक्स आर्किटेक्चर, इनिशिएटिव स्पोर्ट्स एंड इवेंट्स, आइयोनिक, प्रोगिया फूड्स, ऑस एनर्जी स्टोर, सेंटर फॉर ऑस्ट्रेलिया-इंडिया रिलेशंस, एंडुआ और पॉपुलस सहित प्रमुख कंपनियों एवं संस्थानों के साथ नौ वन-टू-वन बैठकें हुईं। प्रतिनिधिमंडल ने न्यू साउथ वेल्स सरकार के मंत्रियों एवं सांसदों के साथ तीन मंत्री-स्तरीय बैठकें भी कीं, जिनमें द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और गुजरात के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
ऑस्ट्रेलिया में आयोजित छह गोलमेज बैठकों में 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें खेल अवसंरचना एवं बड़े आयोजनों, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति शृंखला, नवीकरणीय ऊर्जा और नवाचार आधारित उद्यमिता जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने सिडनी में द्वितीय ऑस्ट्रेलिया-भारत बिजनेस मीट 2026 तथा ब्रिस्बेन में क्वींसलैंड सरकार के साथ उच्चस्तरीय सहभागिता कार्यक्रम में भी भाग लिया। इस दौरान ब्रिस्बेन 2032 ओलंपिक एवं पैरालंपिक खेलों से संबंधित अवसरों, संसाधन, ऊर्जा और खेल अवसंरचना पर विशेष ध्यान दिया गया।
गुजरात की विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का अध्ययन करने के लिए प्रतिनिधिमंडल ने मोनाश यूनिवर्सिटी, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG), मार्वल स्टेडियम और गाबा स्टेडियम का दौरा किया। मेलबर्न और ब्रिस्बेन में भारतीय एवं गुजराती प्रवासी समुदाय के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2027 में भाग लेने और गुजरात के वैश्विक विकास अभियान के राजदूत के रूप में सहयोग देने का आह्वान किया गया।
न्यूजीलैंड में प्रतिनिधिमंडल ने ऑकलैंड का दौरा किया और कॉन्टैक्ट एनर्जी तथा सर्विस फूड्स के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। न्यूजीलैंड सरकार के स्वास्थ्य, ऊर्जा एवं सरकारी स्वामित्व वाले उद्यमों के मंत्री सिमोन ब्राउन के साथ भी मंत्री-स्तरीय बैठक आयोजित हुई। इसके अतिरिक्त इंडिया न्यूजीलैंड बिजनेस काउंसिल (INZBC) और इंडिया न्यूजीलैंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (INZCCI) के सहयोग से दो गोलमेज बैठकें हुईं, जिनमें 50 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें ऊर्जा, पेट्रोकेमिकल्स, लॉजिस्टिक्स, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने कॉन्टैक्ट एनर्जी की ग्लेनब्रुक ओहुरुआ ग्रिड-स्केल बैटरी परियोजना का भी दौरा किया। ऑकलैंड में भारतीय एवं गुजराती प्रवासी समुदाय के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर गुजरात में निवेश और औद्योगिक साझेदारी के अवसरों की जानकारी दी गई।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2003 में शुरू हुआ वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट निवेश, कारोबारी नेटवर्किंग और ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए गुजरात सरकार का प्रमुख वैश्विक मंच है। इसका 11वां संस्करण 10 से 12 जनवरी 2027 तक गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में आयोजित होगा। VGGS-2027 की थीम ‘विकसित गुजरात-शेपिंग ग्लोबल फ्यूचर’ रखी गई है। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के रोड-शो से गुजरात के वैश्विक निवेश संपर्क अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद है। VNI NEWS, Vibrant Gujarat Global Summit 2027, Australia Roadshow, New Zealand Roadshow, Gujarat Investment Opportunities, Rishikesh Patel, Global Business Summit, Gujarat Government, Vibrant Gujarat Global Summit 2027, Gujarat Government, Rishikesh Patel, Australia India Business Relations, New Zealand India Business Relations, Foreign Investment, Gujarat Development, Renewable Energy, Critical Minerals, Global Investment Summit, VNINews, VNINews.com
