~सावन माह में श्रद्धालु डाक विभाग की स्पीड पोस्ट सेवा से घर बैठे श्री सोमनाथ और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद मंगा सकते हैं। जानिए शुल्क और प्रक्रिया।
Ahmedabad, Gujarat, Aug 08 (VNI): उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने शनिवार को कहा कि डाक विभाग की स्पीड पोस्ट सेवा के माध्यम से श्रद्धालु घर बैठे प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ (गुजरात) और श्री काशी विश्वनाथ (वाराणसी) का प्रसाद मंगा सकते हैं। सावन माह को देखते हुए डाक विभाग ने इसके लिए विशेष प्रबंध किए हैं।
श्री यादव ने कहा कि भगवान शिव को समर्पित सावन माह में हर श्रद्धालु की इच्छा होती है कि वह भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग स्वरूप का दर्शन कर उनका आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद प्राप्त करे। अब जो श्रद्धालु मंदिरों तक नहीं पहुंच सकते, वे देश के किसी भी कोने से स्पीड पोस्ट के माध्यम से घर बैठे प्रसाद मंगा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि श्री सोमनाथ ट्रस्ट और डाक विभाग के बीच हुए समझौते के तहत श्रद्धालु श्री सोमनाथ ट्रस्ट को ₹270 का ई-मनीऑर्डर भेजकर प्रसाद मंगा सकते हैं। ई-मनीऑर्डर पर ‘प्रसाद के लिए बुकिंग’ अंकित करना होगा। इसके बाद श्री सोमनाथ ट्रस्ट द्वारा संबंधित श्रद्धालु को 400 ग्राम प्रसाद का पैकेट स्पीड पोस्ट से भेजा जाएगा। इसमें 200 ग्राम बेसन लड्डू, 100 ग्राम तिल की चिक्की और 100 ग्राम मावा की चिक्की शामिल हैं।
कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के साथ-साथ वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट और डाक विभाग के बीच हुए समझौते के तहत श्रद्धालु अपने नजदीकी डाकघर से ₹251 का ई-मनीऑर्डर वाराणसी (पूर्वी) मंडल को भेजकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद मंगा सकते हैं। ई-मनीऑर्डर प्राप्त होते ही डाक विभाग द्वारा दिए गए पते पर स्पीड पोस्ट से प्रसाद भेज दिया जाएगा।
काशी विश्वनाथ के प्रसाद पैकेट में श्री काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग की छवि, महामृत्युंजय यंत्र, श्री शिव चालीसा, 108 दानों की रुद्राक्ष माला, बेलपत्र, माता अन्नपूर्णा से भिक्षाटन करते भोले बाबा की छवि अंकित सिक्का, भभूति, रक्षा सूत्र, रुद्राक्ष मनका, मेवा और मिश्री का पैकेट सहित अन्य सामग्री शामिल है। सूखा होने के कारण यह प्रसाद लंबे समय तक उपयोग में बना रहता है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को स्पीड पोस्ट की जानकारी उनके मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए ई-मनीऑर्डर में पूरा पता, पिन कोड और मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य होगा। VNI NEWS, Somnath Temple Prasad, Kashi Vishwanath Prasad, Speed Post Prasad, Sawan Month, Krishna Kumar Yadav, India Post, Jyotirlinga Prasad, Somnath Prasad by Speed Post, Sawan Prasad Delivery, VNINews, VNINews.com
