~Gujarat Chief Minister Bhupendra Patel inaugurated Vibrant Navratri Mahotsav 2026 at Ahmedabad’s GMDC Ground, celebrating Gujarat’s cultural heritage, Garba and local artisans.
Ahmedabad, Gujarat, Oct 11 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने रविवार रात अहमदाबाद के जीएमडीसी ग्राउंड में वाइब्रेंट नवरात्रि महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ‘आह्वान माँ आद्यशक्ति’ की थीम पर 800 से अधिक कलाकारों ने गुजरात की लोकसंस्कृति, शक्ति उपासना, संगीत, नृत्य और आध्यात्मिक परंपरा को दर्शाती मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री सहित उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने भक्तिभाव के साथ मां जगदंबा की महाआरती में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने नवरात्रि के प्रारंभ पर राज्य के नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए गुजरात की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, स्वच्छता और महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा तथा सम्मान का संकल्प लेकर पर्व मनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होना गौरव की बात है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और जनभागीदारी के समन्वय से विकास के ठोस परिणाम प्राप्त करने का प्रेरणादायी उदाहरण देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से गुजरात की सदियों पुरानी लोकपरंपरा नवरात्रि और गरबा को वैश्विक पहचान मिली है, जबकि वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट के माध्यम से राज्य के व्यापार एवं उद्योग क्षेत्र को वैश्विक मंच प्राप्त हुआ है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से लोकोत्सवों को जनभागीदारी और पर्यटन से जोड़ने के परिणामस्वरूप गुजरात की सांस्कृतिक पहचान मजबूत हुई है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिली है।
श्री पटेल ने कहा कि नवरात्रि महोत्सव में हस्तकला कारीगरों के हाट और सखी मंडलों के उत्पादों को स्थान देकर ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को साकार किया जा रहा है। इससे स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने के साथ छोटे व्यापारियों, हस्तकला कारीगरों और महिला स्वयं सहायता समूहों को रोजगार एवं आजीविका के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से गुजरात के विशिष्ट सांस्कृतिक प्रतीक गरबा को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में स्थान मिला है। कच्छ का रणोत्सव, सापुतारा फेस्टिवल और माधवपुर का मेला जैसे आयोजन भी गुजरात की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को देश-विदेश में उजागर कर रहे हैं। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, अंबाजी कॉरिडोर और पावागढ़ में ध्वजारोहण सहित विभिन्न पहलें ‘विकास भी, विरासत भी’ की परिकल्पना को आगे बढ़ा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के जनआंदोलन में नागरिकों की भागीदारी पर बल देते हुए सार्वजनिक गरबा स्थलों, पार्टी प्लॉट, सोसायटियों और गलियों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान कचरे का उचित निपटान करके स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने धार्मिक स्थलों की पवित्रता, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा माताओं, बहनों और बेटियों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि गुजरात प्रधानमंत्री के ‘संकल्प से सिद्धि’ के दृष्टिकोण से प्रेरणा लेते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने मां अंबा से विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध गुजरात के निर्माण के संकल्पों को पूरा करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
महोत्सव के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री ने नौ संकल्पों पर आधारित थीमेटिक प्रदर्शनी, फोटो जोन, सेल्फी पॉइंट, बच्चों के लिए बालनगरी, फूड कोर्ट और हस्तकला बाजार सहित विभिन्न आकर्षणों का दौरा किया। उन्होंने गुजरात लाइवलीहुड प्रमोशन कंपनी द्वारा आयोजित गृह उद्योग एवं हस्तकला मेले का उद्घाटन किया और सखी मंडल की महिलाओं से संवाद कर उनके उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के प्रारंभ में पर्यटन विभाग के सचिव कुलदीप आर्य ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर शहरी विकास राज्य मंत्री दर्शनाबेन वाघेला, जिला पंचायत अध्यक्ष सुरजीतसिंह गोहिल, महापौर हितेशभाई बारोट, सांसद दिनेशभाई मकवाणा, विभिन्न देशों के राजदूत एवं प्रतिनिधि, स्थानीय विधायक, कलेक्टर भव्य वर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गरबा प्रेमी एवं नागरिक उपस्थित रहे। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Vibrant Navratri Mahotsav 2026, Ahmedabad, GMDC Ground, Gujarat Navratri, Garba, Gujarat Tourism, Gujarat Culture, Vocal for Local, Vibrant Navratri Mahotsav 2026, Bhupendra Patel Ahmedabad, Gujarat Navratri Festival, GMDC Ground Navratri, Gujarat Garba Festival, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *