~पश्चिम रेलवे ने ट्रेन संख्या 19223 साबरमती–श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस का कटरा तक विस्तार किया। 18 अक्टूबर से नई सेवा और अतिरिक्त ठहराव शुरू होंगे।

Ahmedabad, Gujarat, Aug 19 (VNI): पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साबरमती और जम्मू तवी के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 19223 का श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक विस्तार किया गया है। इससे माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों को सीधे कटरा तक रेल सेवा उपलब्ध होगी।
मंडल रेल प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि ट्रेन संख्या 19223 साबरमती–श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस 18 अक्टूबर 2026 से प्रतिदिन साबरमती से 10:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन 18:55 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19224 श्री माता वैष्णो देवी कटरा–साबरमती एक्सप्रेस 20 अक्टूबर 2026 से प्रतिदिन कटरा से 04:50 बजे रवाना होकर अगले दिन 14:05 बजे साबरमती पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 19223 का पालनपुर रेलवे स्टेशन पर आगमन और प्रस्थान क्रमशः 13:20 बजे और 13:22 बजे रहेगा। ट्रेन के विस्तार के साथ यात्रियों की सुविधा के लिए साम्बा, बाड़ी ब्राह्मण और शहीद कप्तान तुषार महाजन स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव भी प्रदान किए गए हैं।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 19415 साबरमती–श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस के समय में 25 अक्टूबर 2026 से संशोधन किया गया है। संशोधित समय के अनुसार जम्मू तवी स्टेशन पर ट्रेन का आगमन और प्रस्थान क्रमशः 04:05 बजे और 04:15 बजे रहेगा, जबकि श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन पर इसका आगमन 06:25 बजे होगा।
ट्रेन संख्या 12473 गांधीधाम–श्री माता वैष्णो देवी कटरा सर्वोदय एक्सप्रेस के समय में भी 24 अक्टूबर 2026 से संशोधन किया गया है। इसके अनुसार जम्मू तवी स्टेशन पर ट्रेन का आगमन और प्रस्थान क्रमशः 14:32 बजे और 14:37 बजे रहेगा। ट्रेन संख्या 19223 और 12473 की बुकिंग 21 अगस्त 2026 से सभी पीआरएस काउंटरों तथा आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। VNI NEWS, Western Railway, Train 19223, Sabarmati, Vaishno Devi Katra, Indian Railways, Gujarat Railway, Train Schedule,  Train 19223, Sabarmati Vaishno Devi Katra Express, Western Railway, Vaishno Devi train, Sabarmati Katra train, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *