~अहमदाबाद में नकली दवाओं के खिलाफ गुजरात FDA की बड़ी कार्रवाई। 30 से अधिक फर्मों की जांच, 1.70 लाख रुपये का संदिग्ध दवा स्टॉक प्रतिबंधित और नमूने परीक्षण के लिए भेजे गएहै।
Ahmedabad, Gujarat, Aug 22 (VNI): गुजरात में नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि नियामक प्रशासन ने नकली, डुप्लिकेट और अवैध दवाओं की बिक्री के खिलाफ व्यापक कार्रवाई शुरू की है। हाल ही में मिली सूचना के आधार पर अहमदाबाद समेत विभिन्न स्थानों पर 19 अगस्त, 2026 से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
नियामक प्रशासन को सूचना मिली थी कि जेबी केमिकल्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड, भरूच द्वारा निर्मित निकर्डिया रिटार्ड 10 टैबलेट, बैच नंबर ACG25007 की नकली या डुप्लिकेट दवा अहमदाबाद के सैटेलाइट क्षेत्र स्थित लीलावती फार्मेसी एंड वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड में बेचे जाने की आशंका है। इसके बाद अहमदाबाद और अन्य स्थानों पर जांच शुरू की गई। पिछले तीन दिनों में 30 से अधिक फर्मों और मेडिकल स्टोर्स की जांच की जा चुकी है और अभियान अभी जारी है।
जांच के दौरान नडियाद स्थित किशन मेडिकल स्टोर से उक्त कंपनी के नाम से दर्शाई गई निकार्डिया रिटार्ड 10 टैबलेट के 660 टैबलेट जब्त कर निर्धारित नमूने के रूप में परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। वहीं, पालडी स्थित पार्श्व मेडिकल एजेंसी से एपेक्स फार्मा एजेंसी, भावनगर के माध्यम से रोटरी टिम्बी मेडिकल स्टोर, टिम्बी, भावनगर को सप्लाई की गई इसी दवा के 590 टैबलेट का स्टॉक भी जब्त किया गया है।
इसके अलावा विभिन्न बैच की निकर्डिया रिटार्ड 20, कैलिकार 10, कैलिकर टीएम 50 और निकर्डिया रिटार्ड 10 सहित अन्य संदिग्ध दवाओं के नमूने लिए गए हैं तथा संबंधित स्टॉक को प्रतिबंधित किया गया है। विभिन्न फर्मों से लगभग 1.70 लाख रुपये मूल्य की संदिग्ध दवाओं के स्टॉक को निर्धारित नमूने के तहत प्रतिबंधित किया गया है।
प्रारंभिक जांच में संदिग्ध दवा की सप्लाई चेन भी सामने आई है। जांच के अनुसार सप्लाई चेन सेना फार्मास, लखनऊ → पार्थ मेडिकल एजेंसी, पालडी, अहमदाबाद → पारस इकोमेड, सैटेलाइट, अहमदाबाद → साणंद मेडिकल स्टोर, साणंद → लीलावती फार्मेसी एंड वेलनेस प्रा. लि., सैटेलाइट, अहमदाबाद रही है। मामले में अहमदाबाद, सूरत और भुज समेत अन्य स्थानों पर संबंधित फर्मों की भी जांच की जा रही है।
नियामक प्रशासन द्वारा संबंधित फर्मों की खरीद-बिक्री और दवाओं की सप्लाई से जुड़ी जानकारी की जांच की जा रही है। जांच का दायरा उत्पादक तक ले जाने की प्रक्रिया जारी है। आवश्यकता पड़ने पर मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी। राज्य सरकार ने नकली, अवैध और काउंटरफिट दवाओं की बिक्री में शामिल तत्वों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। VNI NEWS, Ahmedabad fake medicines, Gujarat FDA action, counterfeit medicines, Nicardia Retard 10, fake drug investigation, Gujarat drug regulator, Ahmedabad, Fake Medicines, Counterfeit Drugs, Drug Investigation, Nicardia Retard, Healthcare, Gujarat Government, VNINews, VNINews.com
