~डाक विभाग की दीन दयाल स्पर्श योजना के तहत कक्षा 6 से 9 तक के मेधावी विद्यार्थियों को ₹6,000 वार्षिक छात्रवृत्ति मिलेगी। आवेदन की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 है।
Ahmedabad, Gujarat, Aug 27 (VNI): उत्तरी गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने गुरुवार को बताया कि डाक विभाग की ‘दीन दयाल स्पर्श योजना’ के तहत कक्षा 6 से 9 तक के मेधावी विद्यार्थियों को ₹6,000 वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
श्री यादव ने बताया कि डाक-टिकट संग्रह यानी फिलैटली को शिक्षा प्रणाली की मुख्यधारा से जोड़ने और विद्यार्थियों में इस शौक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 2017 में यह योजना शुरू की गई थी। इसके तहत प्रत्येक डाक परिमंडल कक्षा 6, 7, 8 और 9 के 10-10 विद्यार्थियों सहित अधिकतम 40 विद्यार्थियों का चयन करेगा। छात्रवृत्ति ₹500 प्रतिमाह की दर से ₹6,000 प्रतिवर्ष होगी और इसका भुगतान तिमाही आधार पर किया जाएगा।
योजना के लिए भारत में मान्यता प्राप्त विद्यालय का विद्यार्थी होना आवश्यक है। संबंधित विद्यालय में फिलैटली क्लब होना चाहिए और विद्यार्थी उसका सदस्य होना चाहिए। यदि विद्यालय में फिलैटली क्लब नहीं है, तो ऐसे विद्यार्थी पर भी विचार किया जा सकता है, जिसके नाम से डाकघर में फिलैटली डिपॉजिट खाता संचालित हो। यह खाता न्यूनतम ₹200 से खोला जा सकता है। उम्मीदवार को पिछली अंतिम परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक अथवा समकक्ष ग्रेड/ग्रेड प्वाइंट प्राप्त होना चाहिए। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
श्री यादव ने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए मंडलीय स्तर पर लिखित क्विज का आयोजन 27 सितंबर को होगा, जिसमें 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। सफल विद्यार्थियों को अंतिम चयन के लिए नवंबर के प्रथम सप्ताह तक अधिकतम 500 शब्दों में 16 डाक टिकटों के साथ फिलैटली प्रोजेक्ट जमा करना होगा। परिमंडल स्तर पर डाक अधिकारियों और प्रतिष्ठित फिलैटलीविदों की समिति प्रोजेक्ट का मूल्यांकन करेगी। अंतिम परिणाम 1 दिसंबर 2026 को घोषित किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को अपने अभिभावकों के साथ पोस्ट ऑफिस अथवा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में संयुक्त खाता खुलवाना होगा।
पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि योजना का उद्देश्य जेन अल्फा पीढ़ी के बच्चों में कम उम्र से ही फिलैटली के प्रति रुचि विकसित करना है। उन्होंने कहा कि डाक-टिकट संग्रह विद्यार्थियों को ज्ञानवर्धक और रचनात्मक अनुभव देने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी सहायक हो सकता है। ‘दीन दयाल स्पर्श योजना’ इसी शौक को प्रोत्साहित करने और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के माध्यम से सम्मानित करने का सार्थक प्रयास है। VNI NEWS, Deen Dayal Sparsh Yojana, India Post Scholarship, Philately Scholarship, Krishna Kumar Yadav, Postal Department, Student Scholarship, Gujarat Postal Circle, Ahmedabad, ₹6000 scholarship, India Post scholarship, VNINews, VNINews.comy
