~गुजरात में अनाज वितरण की निगरानी के लिए जीपीएस, जियो-फेंसिंग और लगभग 7 हजार सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सप्लाई चेन को डिजिटल तकनीक से पारदर्शी बनाया गया है।
Gandhinagar, Gujarat, Sep 01 (VNI): गुजरात में अनाज और अन्य आवश्यक वस्तुओं के वितरण में पारदर्शिता एवं तेजी सुनिश्चित करने के लिए जीपीएस टेक्नोलॉजी, जियो-फेंसिंग, इलेक्ट्रॉनिक प्रूफ ऑफ डिलीवरी और लगभग 7 हजार सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सप्लाई चेन की सटीक एवं सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।
सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि गुजरात सरकार के संयुक्त उपक्रम गुजरात राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (जीएससीएससीएल) ने राज्य के 250 गोदामों से करीब 17 हजार पंडित दीनदयाल ग्राहक भंडार यानी उचित मूल्य की दुकानों (एफपीएस) तक अनाज एवं अन्य वस्तुओं के वितरण को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी अपनाई है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमणभाई सोलंकी के मार्गदर्शन में सप्लाई चेन ऑपरेशन को डिजिटल बनाने के लिए निगम ने आईसीटी लॉजिस्टिक्स सॉफ्टवेयर विकसित किया है। इसके माध्यम से एफसीआई डिपो से राज्य के गोदामों और एफपीएस तक वाहनों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग होती है। वाहनों में जीपीएस और मशीन लर्निंग आधारित रूट ऑप्टिमाइजेशन लागू किया गया है। निर्धारित मार्ग से वाहन के डायवर्ट होने या जीपीएस डिस्कनेक्ट होने पर तत्काल सिस्टम अलर्ट जनरेट करता है। वहीं, जियो-फेंसिंग और इलेक्ट्रॉनिक प्रूफ ऑफ डिलीवरी (ईपीओडी) के जरिए वस्तुओं की मात्रा प्राप्त होने की सटीक पुष्टि की जाती है।
मुख्य कार्यालय में स्थापित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाती है। पीडीएस पोर्टल के माध्यम से गोदामों में स्टॉक की लाइव जानकारी तथा दैनिक, साप्ताहिक और मासिक डैशबोर्ड रिपोर्ट उपलब्ध हैं। इस व्यवस्था को आईसीटी लॉजिस्टिक प्रोजेक्ट और एफसीआई के ‘अन्न दर्पण’ पोर्टल के साथ एकीकृत किया गया है। गोदामों में चोरी, मिलावट और अन्य अनियमितताओं को रोकने के लिए लगभग 7 हजार बुलेट, डोम, पीटीजेड और एएनपीआर कैमरे लगाए गए हैं। इनकी लाइव मॉनिटरिंग के लिए विभिन्न कार्यालयों और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में वीडियो वॉल की व्यवस्था की गई है।
किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर अनाज खरीद के लिए फार्मर प्रोक्योरमेंट पोर्टल (एफपीपी) भी कार्यरत है। आधार कार्ड, बैंक विवरण और भूमि संबंधी आधार-प्रमाण की डेमोग्राफिक एवं बायोमेट्रिक जांच के बाद ही किसानों का पंजीकरण और खरीद प्रक्रिया पूरी की जाती है। खरीद प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की जानकारी किसानों को एसएमएस के माध्यम से दी जाती है। VNI NEWS, Gujarat Grain Distribution, GPS Monitoring, CCTV Monitoring, GSCSCL, PDS Gujarat, Food Supply Gujarat, Geofencing, ICT Logistics, Grain Supply Chain, Farmer Procurement Portal, GPS monitoring Gujarat, CCTV monitoring PDS, Gujarat food supply chain, VNINews, VNINews.com
