~गुजरात सरकार ने निजी स्कूल-कॉलेजों के एनसीसी कैडेट्स को राष्ट्रीय स्तर के कैम्पों के लिए सरकारी कैडेट्स के समान भत्ता देने का फैसला किया है। खर्च का 100 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार वहन करेगी।
Gandhinagar, Gujarat, Sep 01 (VNI): गुजरात सरकार ने निजी स्कूल-कॉलेजों में अध्ययनरत नेशनल कैडेट कॉर्प्स (एनसीसी) कैडेट्स के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर के कैम्पों में चयनित होने पर सरकारी संस्थानों के कैडेट्स के समान कैम्प भत्ता देने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन तथा शिक्षा मंत्री डॉ. प्रद्युम्न वाजा और शिक्षा राज्य मंत्री त्रिकमभाई छांगा के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय से निजी संस्थानों के प्रतिभाशाली कैडेट्स के लिए आर्थिक बाधा दूर होगी। अब सरकारी या निजी संस्थान में अध्ययन करने के आधार पर कैम्प सुविधाओं में अंतर नहीं रहेगा।
एनसीसी के Republic Day Contingent (RDC), Thal Sainik Camp (TSC), Youth Exchange Programme (YEP), Vayu Sainik Camp (VSC), Naval Sainik Camp (NSC) और National Level Event (NLE) जैसे राष्ट्रीय स्तर के कैम्पों में चयन के लिए कैडेट्स को कठिन प्रतिस्पर्धात्मक प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। चयन से पहले उन्हें करीब 4 से 5 प्रतिस्पर्धात्मक कैम्पों में भी हिस्सा लेना पड़ता है।
अब तक सरकारी स्कूल-कॉलेजों के एनसीसी कैडेट्स को भारत सरकार के निर्धारित मानदंड के अनुसार कैम्प भत्ते मिलते थे, जबकि निजी संस्थानों के कैडेट्स को ऐसे भत्ते उपलब्ध नहीं थे। इससे कैम्प से संबंधित खर्च कैडेट या संबंधित संस्थान को स्वयं उठाना पड़ता था और आर्थिक कारणों से कई प्रतिभाशाली कैडेट्स राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों में हिस्सा लेने से हिचकते थे।
शिक्षा विभाग के प्रस्ताव के बाद अब निजी स्कूल-कॉलेजों के एनसीसी कैडेट्स को भी सरकारी कैडेट्स के समान कैम्प भत्ता दिया जाएगा। इस पर होने वाला 100 प्रतिशत खर्च राज्य सरकार वहन करेगी, जबकि भत्ते की दर भारत सरकार द्वारा समय-समय पर निर्धारित मानकों के अनुसार होगी। इससे मेसिंग, ट्रैवलिंग, जनरेशन, इंसिडेंटल और POL चार्जेस जैसे कैम्प संबंधी खर्चों में सीधी राहत मिलेगी।
सरकार के अनुसार, इस निर्णय का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि एनसीसी कैडेट्स को समान अवसर उपलब्ध कराना है। अब राष्ट्रीय स्तर पर चयन में कैडेट की आर्थिक स्थिति के बजाय उसकी प्रतिभा, मेहनत और क्षमता महत्वपूर्ण होगी। एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, दायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और इस फैसले से गुजरात के अधिक कैडेट्स को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सकेगा। VNI NEWS, Gujarat Government, NCC Cadets, NCC Camp Allowance, Private Schools, Private Colleges, Bhupendra Patel, Education Department Gujarat, National Cadet Corps, NCC Gujarat, NCC Camp Allowance Gujarat, Private NCC Cadets, Gujarat NCC Cadets, NCC Camp Benefits, VNINews, VNINews.com
