~गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने अणियोड प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों, ग्रामीणों और युवाओं के साथ योगाभ्यास एवं प्राणायाम किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
Himmatnagar, Gujarat, Sep 07 (VNI): गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने साबरकांठा जिले में तलोद तहसील के अणियोड गांव में प्राथमिक विद्यालय के सामान्य कक्ष में रात्रि विश्राम के बाद सोमवार सुबह विद्यालय के विद्यार्थियों, ग्रामीणों और युवाओं के साथ योगाभ्यास एवं प्राणायाम किया।
अणियोड प्राथमिक विद्यालय के मैदान में आयोजित योग सत्र के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम कराते हुए उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मन एकाग्र होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। योग शरीर का लचीलापन बढ़ाने और रक्त संचार बेहतर करने में भी सहायक है।
आचार्य देवव्रत ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व स्तर पर पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में स्वस्थ जीवन के लिए योग और प्राणायाम अत्यंत आवश्यक हैं। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने के साथ मानसिक तनाव कम करने और विद्यार्थियों की एकाग्रता बढ़ाने में सहायक है।
राज्यपाल ने ग्रामीणों और युवाओं से स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने भोजन में संयम रखने, तेल एवं वसायुक्त पदार्थों का कम सेवन करने तथा दैनिक जीवन में योग, व्यायाम और शारीरिक श्रम को महत्व देने पर जोर दिया।
उन्होंने कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और भस्त्रिका जैसे प्राणायाम के नियमित अभ्यास के लाभ बताए। साथ ही अच्छी नींद और तनावमुक्ति के लिए शवासन तथा सर्वाइकल संबंधी समस्याओं के लिए विभिन्न आसनों का प्रदर्शन किया और योग एवं प्राणायाम को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का अनुरोध किया। VNI NEWS, Acharya Devvrat, Gujarat Governor, Anioad Primary School, Talod, Himmatnagar, Yoga, Pranayama, Healthy Lifestyle, Gujarat, Acharya Devvrat Yoga, Gujarat Governor Yoga, Anioad Yoga Session, Yoga Pranayama Gujarat, VNINews, VNINews.com
