~Postmaster General Krishna Kumar Yadav reviewed the performance of North Gujarat postal divisions, revenue growth, Postal Warriors campaign and digital services.

Ahmedabad, Gujarat, Sep 19 (VNI): उत्तर गुजरात में डाकघरों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आरंभ किए गए ‘पोस्टल वारियर्स अभियान’ की पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने शनिवार को गहन समीक्षा की। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक हुए कार्यों, राजस्व प्राप्ति और विभिन्न डाक सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने ‘मेघदूतम्’ सभाकक्ष, क्षेत्रीय कार्यालय, अहमदाबाद में मंडलाध्यक्षों एवं उपमंडलाध्यक्षों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि ‘डिजिटल इंडिया’ की परिकल्पना के अनुरूप भारतीय डाक अपने व्यापक नेटवर्क को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ते हुए सेवा वितरण को सरल, त्वरित, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। डिजिटल तकनीकों के समावेश से डाकघरों की सेवाओं की दक्षता बढ़ी है और ग्राहकों को अनेक सुविधाएँ अधिक सुगमता से उपलब्ध हो रही हैं।
श्री यादव ने डाक विभाग के व्यवसाय की विभिन्न श्रेणियों की समीक्षा की, जिनमें डोमेस्टिक मेल्स, पार्सल, इंटरनेशनल मेल, बचत बैंक सेवाएँ, डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा, आधार व पासपोर्ट जैसी नागरिक-केंद्रित सेवाएँ, फिलेटली और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक शामिल रहे। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के कुल 349.51 करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य के मुकाबले अगस्त 2026 तक उत्तर गुजरात डाक परिक्षेत्र ने 110.85 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 55 प्रतिशत की वृद्धि है।
उत्तर गुजरात के डाकघरों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘पोस्टल वारियर्स अभियान’ की भी समीक्षा की गई। इसके तहत सिल्वर, गोल्ड, डायमंड एवं प्लेटिनम श्रेणी में डाकघरों को शीघ्र कवर करने के निर्देश दिए गए। श्री यादव ने पोस्ट ऑफिस काउंटर्स पर डिजिटल ट्रांजैक्शन बढ़ाने, पोस्टमैनों द्वारा डिलीवरी मोबाइल ऐप के माध्यम से डिलीवरी, डी प्लस जीरो में स्पीड पोस्ट एवं पार्सल के त्वरित वितरण, पीएम विश्वकर्मा टूल किट्स की डोर-स्टेप डिलीवरी की सतत मॉनिटरिंग तथा सेवाओं की प्रभावी मार्केटिंग रणनीति बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से सुगम डिजिटल बैंकिंग को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में विभिन्न मंडलों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की प्रस्तुति दी, जिन पर विस्तार से चर्चा एवं विश्लेषण किया गया। वित्तीय समावेशन के तहत उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में इस वित्तीय वर्ष में अब तक लगभग 5.10 लाख नए बचत खाते और 15,700 सुकन्या समृद्धि खाते खोले गए हैं। डाक जीवन बीमा में 145 करोड़ रुपये तथा ग्रामीण डाक जीवन बीमा में 27 करोड़ रुपये की कुल प्रीमियम राशि जमा हुई है। वहीं, 1.83 लाख लोगों ने डाकघर के माध्यम से आधार सेवाओं का लाभ उठाया।
उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में स्पीड पोस्ट से 25.15 करोड़ रुपये, पार्सल से 17.20 करोड़ रुपये, अंतर्राष्ट्रीय डाक सेवा से 5.96 करोड़ रुपये और सिटिजन सेंट्रिक सर्विस से 7.80 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। क्षेत्र में अब तक 1,346 गांवों को ‘सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम’, 902 गांवों को ‘सम्पूर्ण बीमा ग्राम’ और 651 गांवों को ‘सम्पूर्ण बचत ग्राम’ बनाया जा चुका है।
बैठक के दौरान सर्वाधिक डिजिटल ट्रांजैक्शन के लिए प्रवर अधीक्षक, रेल डाक सेवा पियूष रजक को सम्मानित किया गया। बनासकांठा मंडल के अधीक्षक डाकघर एच.सी. परमार को एक दिन में डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा की 1,029 पॉलिसियों के साथ 1.10 करोड़ रुपये के सर्वाधिक न्यू प्रीमियम के लिए सम्मानित किया गया। फॉरेन पोस्ट ऑफिस, अहमदाबाद के मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव एम.एम. भारवाड़ को सर्वाधिक इंटरनेशनल मेल्स बुकिंग तथा विसनगर, मेहसाणा के उप मंडलीय निरीक्षक विनुभाई भारवाड़ को ब्रांच पोस्ट ऑफिस के माध्यम से एक दिन में सर्वाधिक इंटरनेशनल मेल्स बुकिंग के लिए सम्मानित किया गया।
उदलपुर, मेहसाणा की ब्रांच पोस्टमास्टर कु. निराली पटेल को एक दिन में सर्वाधिक 2,658 स्पीड पोस्ट बुकिंग के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, देनाप, मेहसाणा की ब्रांच पोस्टमास्टर कु. रक्षा राजपूत और इपलोडा, साबरकांठा के ब्रांच पोस्टमास्टर श्वेतकुमार पटेल को उत्तर गुजरात में क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय प्लेटिनम पोस्टल वॉरियर बनने पर सम्मानित किया गया।
बैठक में प्रवर अधीक्षक, रेल डाक सेवा पियूष रजक, अहमदाबाद सिटी मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक शिशिर कुमार, गांधीनगर मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक शुभम डोंगरदीवे, आईपीपीबी चीफ मैनेजर अभिजीत जीभकाटे, अहमदाबाद जीपीओ की सीनियर पोस्टमास्टर मंजुलाबेन पटेल, साबरकांठा मंडल के डाक अधीक्षक दीपक वाढेर, बनासकांठा मंडल के डाक अधीक्षक एच.सी. परमार, मेहसाणा मंडल के डाक अधीक्षक एस.के. वर्मा सहित सहायक निदेशक वारिस वहोरा, रितुल गांधी, अल्पेश शाह, रोनक शाह, भाविन प्रजापति, पायल पटेल तथा विभिन्न उपमंडलों के सहायक अधीक्षक एवं निरीक्षक उपस्थित रहे। VNI NEWS, Krishna Kumar Yadav, North Gujarat Postal Region, India Post, Postal Warriors Campaign, Post Office Revenue, Digital India, Postal Services, India Post Payments Bank, Sukanya Samriddhi,  Krishna Kumar Yadav, North Gujarat Postal Region, Postal Warriors Campaign, India Post revenue, digital postal services, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *