~मुंबई के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. दिनेश प्रताप सिंह को लखनऊ में भारतीय संस्कृति एवं लोक परंपरा के क्षेत्र में उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान के लिए कृष्ण प्रताप सिंह स्मृति राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया।
Mumbai, Maharashtra, July 12 (VNI): महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के पूर्व सदस्य, अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मुंबई के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. दिनेश प्रताप सिंह को लखनऊ में आयोजित एक भव्य समारोह में ‘कृष्ण प्रताप सिंह स्मृति राष्ट्रीय सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा और साहित्य सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित सी.एम.एस. सभागार में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुँवर मानवेंद्र सिंह ने डॉ. सिंह को सम्मानित किया। कार्यक्रम में समाजसेवा, चिकित्सा, जल एवं पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, साहित्य और कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अनेक विभूतियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह की संयोजिका पद्मश्री डॉ. विद्याविन्दु सिंह ने अपने संबोधन में लोक साहित्य, लोक परंपरा, लोक जीवन और लोकोत्सव के संरक्षण एवं संवर्धन में डॉ. दिनेश प्रताप सिंह के योगदान की सराहना की। वहीं, समारोह के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. सूर्यप्रसाद दीक्षित ने “पुण्य स्मरण धर्म” विषय पर व्याख्यान देते हुए भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और पूर्वजों के स्मरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान के निदेशक सर्वेश कुमार सिंह ने भारतीय भाषाओं के संवर्धन, साहित्य सृजन और अनुवाद के क्षेत्र में डॉ. सिंह के योगदान की प्रशंसा की।
समारोह में विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, सुशांत विश्वविद्यालय के कुलाधिपति जयशंकर मिश्र, पर्यटन मंत्रालय के सलाहकार जयप्रकाश सिंह, उद्यमी बालेन्द्र प्रताप सिंह, अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री पवनपुत्र बादल सहित अनेक साहित्यकार, पत्रकार, कलाप्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। VNI NEWS, Dr Dinesh Pratap Singh, National Honor, Lucknow, Hindi Literature, Krishna Pratap Singh Memorial Award, Lucknow, National Award, Indian Culture, Mumbai, Literary Honor
