~पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत रेल जन संवाद आयोजित किया गया। डीआरएम राजू भडके ने यात्रियों और पैसेंजर एसोसिएशन से स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं पर संवाद किया।

Ahmedabad, Gujarat, Oct 22 (VNI): भारतीय रेलवे के राष्ट्रव्यापी ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम के तहत पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में गुरुवार को यात्रियों, पैसेंजर एसोसिएशन और स्थानीय हितधारकों के साथ स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं को लेकर सीधा संवाद आयोजित किया गया। स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत वडोदरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक (DRM) राजू भडके ने यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।

मंडल के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीना ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान डीआरएम राजू भडके ने उपस्थित रेलकर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सिविल डिफेंस की टीम ने नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत में वरिष्ठ यांत्रिक अभियंता अनिल कुमार ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से वडोदरा मंडल की उपलब्धियों और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

वडोदरा रेल मंडल के अंतर्गत वडोदरा, भरूच, नडियाद, आणंद और गोधरा सहित 21 रेलवे स्टेशनों पर नामित अधिकारियों ने रेल जन संवाद आयोजित किया। मंडल के अन्य स्टेशनों पर स्टेशन अधीक्षकों की ओर से भी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों, युवाओं तथा स्थानीय हितधारकों से सीधे बातचीत कर रेलवे स्टेशन की स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और संबंधित समस्याओं पर फीडबैक प्राप्त किया।

रेल जन संवाद के बाद वडोदरा मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों और परिसरों में श्रमदान किया गया। नुक्कड़ नाटक और स्ट्रीट प्ले के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, कार्यक्रम में शामिल रेलकर्मियों ने स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली।

पश्चिम रेलवे का वडोदरा मंडल इस विशेष अभियान के माध्यम से यात्रियों की समस्याओं और लंबित मामलों के समाधान के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों पर साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, यात्री सुविधाओं और नागरिक सहभागिता को बेहतर बनाने पर जोर दे रहा है। VNI NEWS, Vadodara Railway Division, Rail Jan Samvad, Western Railway, Special Campaign 6.0, Raju Bhadke, Khemraj Meena, Vadodara Railway Station, Railway Cleanliness, Passenger Facilities, Indian Railways, Bharuch Railway Station, Anand Railway Station, Nadiad Railway Station, Godhra Railway Station, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *