~गांधीनगर में गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष समागम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने समरसता, मानवता और सनातन मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
Gandhinagar, Gujarat, July 19 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदासजी महाराज ने समग्र मानव जाति को समरसता, समभाव और मानवता का जो अमूल्य संदेश दिया, उसे जीवन में आत्मसात करना ही उनकी सच्ची आराधना है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति में ईश्वर का दर्शन किया जाए तो समाज से भेदभाव और विवाद स्वतः समाप्त हो सकते हैं।
गांधीनगर में संत शिरोमणि गुरु रविदासजी महाराज के 650वें जयंती वर्ष को समर्पित समागम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन परंपरा की सबसे बड़ी विशेषता उसकी सर्वसमावेशिता है। यह किसी एक विचारधारा या संप्रदाय तक सीमित नहीं, बल्कि समस्त मानवता को साथ लेकर चलने का मार्ग दिखाती है। उन्होंने संतों के विचारों को अपनाकर समाज में समरसता और सौहार्द स्थापित करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी वैश्विक पहचान दिलाई है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक, पावागढ़ महाकाली मंदिर में ध्वजारोहण तथा सोमनाथ मंदिर के गौरव की पुनर्स्थापना जैसे कार्य देश की सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि विकास तभी स्थायी होगा जब उसके साथ प्रकृति संरक्षण और संस्कृति का संवर्धन भी किया जाए। ‘बैक टू बेसिक’ तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ जैसे अभियान इसी सोच का हिस्सा हैं।
श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के अंत्योदय के मंत्र के अनुरूप सरकार की योजनाएँ बिना किसी जाति, धर्म या क्षेत्रीय भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रही हैं। निःशुल्क अनाज, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं से समाज के सभी वर्गों को समान अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सामाजिक एकता, समरसता और प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा कहा कि गुजरात विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाए, इसके लिए सभी के सहयोग और संतों के आशीर्वाद की आवश्यकता है।
समारोह के दौरान संत शिरोमणि गुरु रविदासजी महाराज के 650वें जयंती वर्ष को समर्पित राष्ट्रीय स्मारिका–गुजरात का विमोचन किया गया। इस अवसर पर पूज्य निर्मल संत डॉ. स्वामी रामेश्वरानंद, विधायक रमणलाल वोरा, भानुबेन बाबरिया, सी. जे. चावड़ा, पूज्य महामंडलेश्वर 1008 ललित किशोर चरणदास महाराज, पूज्य शेरनाथ बापू, पूज्य महामंडलेश्वर 1008 महेन्द्रनाथ गिरी महाराज, पूज्य विजय बापू, पूज्य राजेन्द्रदास महाराज, पूज्य रामबापू, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्र के सह-संपर्क अध्यक्ष जसबीर सिंह, गांधीनगर विभाग संघचालक प्रकाशभाई परमार, संत रोहिदास सेवा समाज के अध्यक्ष दिनेशकुमार परमार, संगत उद्घोष के राष्ट्रीय महासचिव बलजीत सिंह संधु सहित अनेक संत-महंत एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Guru Ravidas Jayanti, Gandhinagar, Gujarat CM, Samrasta, Sanatan, Guru Ravidas 650th Anniversary, Guru Ravidas, Gujarat, Gandhinagar, Samrasta, Narendra Modi, Social Harmony, VNINews, VNINews.com
