~भुज में आचार्य रश्मिरत्नसूरीश्वर महाराज के नेतृत्व में ‘हर घर सिद्धितप, घर घर सिद्धितप’ अभियान के तहत सात गच्छों में प्रवचनमाला आयोजित। 14 वर्ष बाद सिद्धितप आयोजन से जैन समाज में उत्साह।

Bhuj, Kutchh, Gujarat, July 26 (VNI): श्री भुज तपगच्छ जैन संघ में आचार्य रश्मिरत्नसूरीश्वर महाराज के मार्गदर्शन में ‘हर घर सिद्धितप, घर घर सिद्धितप’ डोर-टू-डोर अभियान के अंतर्गत सात गच्छों के उपाश्रयों में प्रवचनमाला का आयोजन किया गया। दादावाड़ी, छकोटी, आठकोटी, अचलगच्छ, तेरापंथ, घनश्याम नगर, भावेश्वर नगर और भानुशाली नगर सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में प्रवचनों का लाभ लिया।
आचार्य रश्मिरत्नसूरीश्वर महाराज ने कहा कि पूरे भारत में भुज के सात गच्छों की एकता अनुकरणीय है। उन्होंने बताया कि श्री तपगच्छ जैन संघ द्वारा आयोजित सिद्धिदायक सिद्धितप में सात वर्ष से लेकर 70 वर्ष तक के आराधक पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं, जो समाज की धार्मिक आस्था और एकजुटता का प्रतीक है।
संघ के अध्यक्ष कीर्तिभाई ने बताया कि सिद्धितप का उत्तरपारणा 3 अगस्त को होगा तथा 4 अगस्त की सुबह सात बजे चतुर्मुख परमात्मा के समक्ष पहली बारी का पच्चक्खाण दिया जाएगा। एक उपवास से लेकर आठ उपवास तक चढ़ते क्रम में 36 उपवास तथा बीच में आठ बियासणा सहित कुल 44 दिनों का तप किया जाएगा। पर्युषण पारणे पर अंतिम आठ उपवास का पारणा होगा। इसके बाद सामूहिक सांझी, तपस्वी शोभायात्रा, सामूहिक पारणा और बहुमान समारोह आयोजित किए जाएंगे। 14 वर्षों के अंतराल के बाद तपगच्छ संघ परिसर में सिद्धितप का आयोजन होने से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
रविवार को चातुर्मास एवं सिद्धितप के शुभ अवसर पर श्री तपगच्छ युवा मंडल द्वारा शक्रस्तव अभिषेक का आयोजन किया गया। वहीं 21 सिद्धितप पूर्ण कर चुकी तपस्वी साध्वीजी जितारी रेखा का चातुर्मास भी तपगच्छ संघ में ही आयोजित हो रहा है। VNI NEWS, Bhuj Jain News, Siddhitap, Rashmiratna Surishwar Maharaj, Tapagachh Jain Sangh, Chaturmas, Gujarat Jain, Bhuj, Kutch, Jain Society, Siddhitap, Religious News, Gujarat, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *