~मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरु पूर्णिमा पर अरवल्ली के लुसडिया धाम में संत सुरमलदासजी की समाधि और श्री शामलाजी मंदिर में दर्शन कर राज्य के विकास, शांति और जनकल्याण की कामना की।
Gandhinagar, Gujarat, July 29 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को अरवल्ली जिले की शामलाजी तहसील स्थित प्रसिद्ध लुसडिया धाम पहुंचकर आदिजाति समाज के पूज्य संत सुरमलदासजी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा श्री शामलाजी मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर राज्य के सर्वांगीण विकास, सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने संत सुरमलदासजी की समाधि, धूनी और रामदेवपीर की प्रतिमा के दर्शन कर श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थल पर आकर स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उन्होंने संत सुरमलदासजी की छठी पीढ़ी के उत्तराधिकारी संतों का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया। लुसडिया धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष डी.एम. भोई ने संत सुरमलदासजी के जीवन और समाधि की महत्ता से मुख्यमंत्री को अवगत कराया, जबकि संतों ने उन्हें संत सुरमलदासजी का चित्र भेंट कर आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री ने लुसडिया धाम पहुंचे संतों और हजारों श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया तथा उनसे संवाद भी किया। गुरु पूर्णिमा गुरु-शिष्य परंपरा का प्रतीक पर्व है और इस अवसर पर गुजरात तथा राजस्थान के आदिजाति क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु लुसडिया धाम पहुंचकर संत सुरमलदासजी की समाधि के दर्शन और गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। मुख्यमंत्री भी आदिजाति परिवारों के साथ इस भक्तिमय वातावरण में सहभागी बने।
मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान आदिजाति विकास तथा अन्न एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री पी.सी. बरंडा, पूर्व मंत्री एवं विधायक भीखूसिंह परमार, विधायक धवलसिंह झाला, पूर्व सांसद दीपरसिंह राठौड, जिला पंचायत अध्यक्ष मयूरभाई पटेल, भीखाजी ठाकोर, जिला कलेक्टर मिलिंद बापना, जिला विकास अधिकारी महेक जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Lusadiya Dham, Sant Surmaldas, Shamlaji Temple, Guru Purnima 2026, Gujarat CM, Aravalli News, Gujarat Chief Minister, Guru Purnima, Lusadiya Dham, Sant Surmaldas, Shamlaji Temple, Aravalli, Gujarat News, VNINews, VNINews.com
