~अमित शाह ने गांधीनगर और साबरकांठा में 815 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का वर्चुअल लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में पुल, बैराज, स्वास्थ्य और जल संरक्षण परियोजनाओं पर जोर दिया गया।

Gandhinagar, Gujarat, July 21 (VNI): केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अमित शाह ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से गांधीनगर और साबरकांठा जिलों में 815 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित राज्य सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई विकास यात्रा मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में तेज़ी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि 89 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अलुवा-सादरा पुल से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा विद्यार्थियों, किसानों और श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डायलिसिस, ऑपरेशन थिएटर, एनआईसीयू सहित आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने माणसा क्षेत्र में सामुदायिक भवन, ईएसआर वाटर टैंक और संस्कार भवन जैसे जनहित के कार्यों का भी उल्लेख किया।
शाह ने कहा कि साबरमती नदी पर हीराक और रखियाल में दो नए बैराज बनने से चराड़ा, माणसा, रिद्रोल सहित आसपास के क्षेत्रों में आठ महीने तक पानी का संग्रह संभव होगा, जिससे भूजल स्तर में सुधार, सिंचाई, पेयजल, पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि माणसा में आधुनिक सिविल अस्पताल का निर्माण भी जारी है ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए गांधीनगर न जाना पड़े। उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित गुजरात, विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

माणसा और चराड़ा गांव का नाम देशभर में रोशन करने वाले पद्मश्री और ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध साहित्यकार रघुवीर चौधरी के योगदान की सराहना करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि एक साधारण पशुपालक और किसान परिवार से आने और साहित्य जगत में उपलब्धि हासिल करने के बाद भी उनकी विनम्रता बरकरार है। उनके नाम पर बना संस्कार भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि गुजरात ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आधुनिक आधारभूत संरचना, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि अलुवा-सादरा पुल हजारों परिवारों के लिए सुविधा और विश्वास का सेतु बनेगा तथा किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने वृक्षारोपण अभियान, स्वास्थ्य, जल संरक्षण और सामाजिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि विकास का उद्देश्य नागरिकों के जीवन में सुविधा, सुरक्षा और समृद्धि लाना है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुलभाई पानसेरिया ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, मूक-बधिर बच्चों के लिए निःशुल्क कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी, अस्पतालों में स्वच्छता अभियान तथा किसानों के लिए विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं जल संसाधन मंत्री ईश्वर सिंह पटेल ने बताया कि साबरमती नदी पर 716.14 करोड़ रुपये की लागत से हीराक और रखियाल बैराज का निर्माण उत्तर गुजरात में जल संरक्षण, सिंचाई और पेयजल उपलब्धता को नई मजबूती देगा। VNI NEWS, Amit Shah, Gujarat Development Projects, Gandhinagar, Sabarkantha, Bhupendra Patel, Sabarmati Barrage, Aluva Sadra Bridge, Infrastructure, Sabarmati River, Health, Irrigation, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *