~गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मुंबई में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2027 के रोडशो में निवेशकों से ‘कम टू गुजरात, ग्रो इन गुजरात, ग्रो विद गुजरात’ का आह्वान किया।

Mumbai, Maharashtra, Sep 03 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को मुंबई में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2027 के रोडशो में देश-विदेश के उद्योगपतियों और निवेशकों से गुजरात की विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा, “कम टू गुजरात, ग्रो इन गुजरात, ग्रो विद गुजरात।”

श्री पटेल ने कहा कि गुजरात अब केवल देश का इंडस्ट्रियल पावरहाउस नहीं, बल्कि ‘ग्लोबल गेटवे टू द फ्यूचर’ के रूप में तेजी से उभर रहा है। उन्होंने विभिन्न देशों के कांसुल जनरल्स, फॉरेन मिशन के प्रतिनिधियों और प्रमुख इंडस्ट्री लीडर्स के साथ इंटरेक्शन सेशन में कहा कि वर्ष 2003 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू की गई वाइब्रेंट गुजरात समिट की निरंतर सफलता ने राज्य को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि गुजरात अब रिन्यूएबल एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर और ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में सस्टेनेबल डेवलपमेंट का नेतृत्व करने के लिए तैयार है।
भूपेंद्र पटेल ने कहा कि देश की सबसे लंबी तटरेखा, विश्वस्तरीय पोर्ट्स, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल, गिफ्ट सिटी, मजबूत एमएसएमई इकोसिस्टम और कुशल मैनपावर गुजरात की प्रमुख ताकत हैं। उन्होंने कहा कि पॉलिसी-ड्रिवन और निवेशक-अनुकूल शासन गुजरात की पहचान बन चुका है। राज्य देश के जीडीपी में 8.2 प्रतिशत, मैन्युफैक्चरिंग में 17 प्रतिशत और मर्चेंडाइज एक्सपोर्ट में 25 प्रतिशत योगदान देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकसित गुजरात 2047’ के संकल्प के साथ राज्य को 3.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिशा में चार वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई हैं और क्षेत्रीय संतुलित विकास के लिए छह इकोनॉमिक रीजनल मास्टर प्लान तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई और गुजरात के पीढ़ियों पुराने संबंधों को और मजबूत करते हुए दोनों मिलकर एशिया के सबसे शक्तिशाली इकोनॉमिक कॉरिडोर के रूप में विकसित होने की क्षमता रखते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘यही समय है, सही समय है’ के विचार को साकार करने के लिए उद्योग जगत को 10, 11 और 12 जनवरी, 2027 को आयोजित होने वाली वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में सहभागी बनने का भावपूर्ण आमंत्रण दिया। मुख्य सचिव एम.के. दास ने गुजरात के मजबूत औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के कुल कार्गो हैंडलिंग का करीब 40 प्रतिशत गुजरात संभालता है। अपर मुख्य सचिव ममता वर्मा ने कहा कि गुजरात पारंपरिक उद्योगों के साथ सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग और फ्यूचर टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में भी वैश्विक सप्लाई चेन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहा है।
सीआईआई अध्यक्ष आर. मुकुंदन ने गुजरात सरकार की नीतिगत स्थिरता, तेज प्रतिक्रिया और उद्योगों के साथ निरंतर संवाद की सराहना की। उन्होंने कहा कि 2003 की पहली वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट से जुड़ा सीआईआई इस पहल को निवेश, साझेदारी और आर्थिक विकास के वैश्विक मंच के रूप में देखता है। आरपीजी एंटरप्राइजेज के वाइस चेयरमैन अनंत गोयनका और ब्लू स्टार इंडिया के चेयरमैन एवं एमडी वीर आडवाणी ने भी गुजरात में उद्योग एवं निवेश के अपने अनुभव साझा किए। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Vibrant Gujarat Global Summit 2027, Gujarat investment, Mumbai roadshow, Gujarat industrial growth, Gujarat, Vibrant Gujarat, VGGS 2027, Investment, Industries, Gujarat Economy, Manufacturing, Semiconductor, Green Hydrogen, GIFT City, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *