~मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अंबाली गांव के पास गाड़ी रोककर बच्चों, ग्रामीणों और गोबर गैस प्लांट संचालक से आत्मीय मुलाकात की तथा शिक्षा और ग्रामीण विकास पर संवाद किया।
Gandhinagar, Gujarat, July 17 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को वडोदरा के कार्यक्रम से गांधीनगर लौटते समय आणंद जिले की आंकलाव तहसील के अंबाली गांव के पास अपना काफिला रुकवाकर बच्चों और ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की। उनका यह सहज और मानवीय व्यवहार ग्रामीणों के लिए यादगार बन गया।
स्कूल की छुट्टी के बाद यूनिफॉर्म में खड़े बच्चे और स्थानीय ग्रामीण मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़क किनारे इंतजार कर रहे थे। उन्हें देखते ही श्री पटेल ने बिना देर किए अपनी गाड़ी रुकवाई और प्रोटोकॉल से अलग हटकर स्वयं बच्चों के बीच पहुंचे। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, स्कूल और भविष्य की योजनाओं के बारे में स्नेहपूर्वक बातचीत की तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से भी गांव की समस्याओं और विकास कार्यों की जानकारी ली तथा अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उनकी सहजता और आत्मीय संवाद ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री की नजर एक घर में संचालित गोबर गैस प्लांट पर पड़ी। उन्होंने प्लांट के संचालक विठ्ठलभाई परमार से गोबर गैस संयंत्र की कार्यप्रणाली, उससे होने वाले लाभ और इसकी स्थापना से जुड़ी जानकारी विस्तार से प्राप्त की। एक सामान्य किसान से मुख्यमंत्री का यह सहज संवाद उपस्थित लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
मुख्यमंत्री की इस अप्रत्याशित मुलाकात से भावुक हुए विठ्ठलभाई परमार ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि राज्य के मुख्यमंत्री स्वयं गाड़ी रोककर उनका हालचाल पूछेंगे। उन्होंने इसे पूरे अंबाली गांव के लिए गर्व और खुशी का क्षण बताया। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Ambali Village, Anand, Gujarat CM, Children, Villagers, Gobar Gas Plant, Gujarat Chief Minister, Anand District, Rural Development, Education, VNINews, VNINews.com
