~गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 में निवेशकों से ‘विकसित गुजरात 2047’ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

Gandhinagar/New Delhi, Gujarat, Aug 31 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को निवेशकों और बिजनेस लीडर्स से गुजरात में निवेश को विकास का माध्यम, उद्योगों को रोजगार का आधार और इनोवेशन को भारत की शक्ति बनाकर ‘विकसित भारत 2047’ के लिए ‘विकसित गुजरात 2047’ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
श्री पटेल नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027’ के कर्टेन रेजर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच से वर्ष 2003 में शुरू हुई वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट आज दुनिया के उद्योगों और निवेशकों के गुजरात पर भरोसे का प्रतीक तथा नॉलेज शेयरिंग का महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म बन गई है। उन्होंने कहा कि जहां नीति में स्थिरता, निर्णय में पारदर्शिता और व्यवस्था में गति होती है, वहां निवेशक स्वाभाविक रूप से आकर्षित होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात ने ‘डेवलपमेंट विद डिलीवरी’ के मूल मंत्र के साथ ऐसा इकोसिस्टम तैयार किया है, जहां निवेशकों को जमीन और इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ नीतिगत स्थिरता, पारदर्शिता, तेज निर्णय, कुशल मानवबल, विश्वास और सुरक्षा मिलती है। उन्होंने कहा कि आगामी समिट ‘विकसित गुजरात-शेपिंग ग्लोबल फ्यूचर’ थीम के साथ आयोजित होगी और सेमीकंडक्टर, फिनटेक, ग्रीन हाइड्रोजन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा ग्रीन ग्रोथ जैसे भविष्य के क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि गुजरात ने सटीक विजन और तेज क्रियान्वयन का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2002-03 में गुजरात की अर्थव्यवस्था करीब 1.42 लाख करोड़ रुपये थी, जो अब लगभग 27 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। देश की जनसंख्या में करीब 5 प्रतिशत और भूगोल में 6 प्रतिशत हिस्सेदारी वाला गुजरात देश की जीडीपी में 8.2 प्रतिशत तथा कुल मैन्युफैक्चरिंग आउटपुट में करीब 18 प्रतिशत योगदान देता है। उन्होंने निवेशकों को गुजरात में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि सरकार निवेश की सुरक्षा और बेहतर रिटर्न के लिए प्रतिबद्ध है।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने निवेशकों से ग्रीन हाइड्रोजन, हाइड्रोजन स्टोरेज, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों का अध्ययन कर वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुजरात की संस्कृति में उद्यमिता और व्यापार की मजबूत परंपरा रही है। कार्यक्रम में मुख्य सचिव एम.के. दास, डीपीआईटी सचिव अमरदीप सिंह भाटिया, एसोचैम अध्यक्ष निर्मल मिंडा, अपर मुख्य सचिव ममता वर्मा सहित केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योगपति और निवेशक मौजूद रहे। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Vibrant Gujarat Global Summit 2027, Developed Gujarat 2047, Gujarat Investment, Gujarat Economy, Gujarat Growth, Mansukh Mandaviya, Harsh Sanghavi, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *