~नीति आयोग के ‘इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स 2026’ में गुजरात ने 56.6 अंक के साथ बड़े राज्यों में पहला स्थान प्राप्त किया। उद्योग-अनुकूल नीतियां, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश समर्थक सुधार बने सफलता की प्रमुख वजह।
Gandhinagar, Gujarat, July 18 (VNI): नीति आयोग द्वारा जारी देश के पहले ‘इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स 2026’ में गुजरात ने 56.6 के सर्वोच्च स्कोर के साथ बड़े राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ गुजरात ने महाराष्ट्र (53.7) और तमिलनाडु (53.3) को पीछे छोड़ते हुए देश के सबसे निवेश-अनुकूल राज्य के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत की है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में उद्योग-अनुकूल नीतियों, प्रभावी प्रशासन और निवेश समर्थक सुधारों को इस राष्ट्रीय रैंकिंग में महत्वपूर्ण मान्यता मिली है। नीति आयोग ने 17 प्रमुख राज्यों का मूल्यांकन 84 संकेतकों और 8 प्रमुख पिलर्स के आधार पर किया। रिपोर्ट में गुजरात की नीतिगत स्थिरता, पारदर्शी प्रशासन और निवेशकों के लिए सहज कारोबारी माहौल को राज्य की प्रमुख ताकत बताया गया है। राज्य का iNDEXTb निवेशकों को सिंगल-विंडो क्लीयरेंस के साथ एंड-टू-एंड सहायता उपलब्ध कराता है, जिससे निवेश प्रक्रिया तेज और सरल बनी है।
रिपोर्ट के अनुसार धोलेरा SIR, GIFT City, साणंद, दाहेज, झगड़िया और सायखा जैसे आधुनिक औद्योगिक क्लस्टर्स, मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क, प्रतिस्पर्धी बिजली दरें और विश्वसनीय बिजली आपूर्ति गुजरात को उद्योगों के लिए अत्यंत आकर्षक बनाती हैं। राज्य देश के कुल मर्चेंडाइज निर्यात में 31 प्रतिशत योगदान देता है तथा वित्त वर्ष 2019-24 के दौरान इसकी GSDP वृद्धि दर देश में तीसरे स्थान पर रही। वित्तीय अनुशासन, कम राजकोषीय घाटा और मजबूत MSME इकोसिस्टम ने भी निवेशकों का विश्वास बढ़ाया है।
रिपोर्ट में गुजरात के नवाचार और स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी निवेश आकर्षण का महत्वपूर्ण आधार बताया गया है। वित्त वर्ष 2025 तक राज्य में 614 अटल टिंकरिंग लैब्स (ATLs) स्थापित की जा चुकी हैं, जो भविष्य की तकनीकों और नवाचार आधारित उद्योगों के लिए मजबूत आधार तैयार करती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के विजन के अनुरूप गुजरात की यह उपलब्धि राज्य को देश के अग्रणी निवेश और औद्योगिक विकास केंद्र के रूप में और सशक्त बनाती है। VNI NEWS, Gujarat, Investment Friendliness Index 2026, NITI Aayog, Bhupendra Patel, Narendra Modi, iNDEXTb, Dholera SIR, GIFT City, Ease of Doing Business, Industrial Development, NITI Aayog Gujarat Ranking, Investment Friendly State, Gujarat Industrial Growth, VNInews, VNINews.com
