~गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर में प्राकृतिक खेती को भविष्य की पीढ़ी और जमीन के स्वास्थ्य के लिए एकमात्र विकल्प बताते हुए किसानों से रसायन मुक्त खेती अपनाने का आह्वान किया।
Gandhinagar, Gujarat, July 18 (VNI): गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को कहा कि भविष्य की पीढ़ी और जमीन, दोनों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए प्राकृतिक खेती के अलावा कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से मानव स्वास्थ्य और भूमि की उर्वरता पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है, ऐसे में प्राकृतिक खेती ही टिकाऊ और स्वस्थ भविष्य का मार्ग है।
मुख्यमंत्री ने गांधीनगर तहसील के महुन्द्रा गांव में प्रगतिशील युवा किसान अल्पेश पटेल के प्राकृतिक खेती मॉडल फार्म का दौरा किया। उन्होंने गौशाला का निरीक्षण कर गाय आधारित प्राकृतिक खेती की पद्धतियों की जानकारी ली तथा ग्रामीणों के साथ खाट पर बैठकर सहज संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘बैक टू बेसिक’ यानी अपनी जड़ों की ओर लौटने के संदेश को किसानों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
श्री पटेल ने कहा कि भूमि में कार्बन की मात्रा लगातार घट रही है, जिससे मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का आह्वान करते हुए कहा कि मानव और धरती दोनों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्राकृतिक खेती को व्यापक रूप से अपनाना होगा। उन्होंने बताया कि जल संरक्षण के लिए अमृत सरोवर और खेत तालाब जैसी योजनाओं का विस्तार किया गया है तथा नर्मदा पाइपलाइन से तालाब भरने की सीमा 3 किलोमीटर से बढ़ाकर 7 किलोमीटर कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई हाइड्रोजन ट्रेन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर पेपर बैग के उपयोग की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार उद्योग और पर्यावरण के बीच संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों ने अपने अनुभव साझा किए तथा कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा मिल रहे मार्गदर्शन की सराहना की। मुख्यमंत्री ने शिवपुरा कंपा में प्रगतिशील किसान शांतिलाल पटेल के मॉडल फार्म का भी दौरा किया। VNI NEWS, Bhupendra Patel, Natural Farming, Gujarat, Organic Agriculture, Gandhinagar, Sustainable Farming, Agriculture, Natural Farming Gujarat, Organic Farming, Sustainable Agriculture, VNINews, VNINews.com
